बिहार में नीतीश कुमार की सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। नए मंत्री शपथ ले चुके हैं और विभागों का बंटवारा भी हो गया है। 16 अगस्त को नीतीश कुमार की सरकार में 31 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जिसमें आरजेडी के सबसे ज्यादा नेतामंत्री बने हैं। आरजेडी से कुल 16 मंत्री बने हैं, तेज प्रताप यादव को भी मंत्री बनाया गया है। हालांकि विभाग बंटवारे को लेकर सुशील मोदी ने तेजस्वी यादव पर तंज कसा है।
तेजस्वी यादव को मिला स्वास्थय मंत्रालय
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को स्वास्थ्य मंत्रालय दिया गया है। पिछली बार ये ये मंत्रालय तेजस्वी के भाई तेज प्रताप के पास था। इस बार तेज प्रताप को पर्यावरण एवं वन मंत्रालय दिया गया है। इस पर सुशील मोदी ने नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव पर तंज कसा है।
‘तेजस्वी यादव को तो झुनझुना पकड़ा दिया’
सुशील मोदी ने कहा कि दो बड़े विभाग हैं। गठबंधन मे दोनों बड़े विभाग दो लोगों के पास होता है। बड़ी बुद्धिमानी से नीतीश कुमार ने दोनों बड़े विभाग को झटक लिया है। वित्त मंत्रालय और गृह विभाग नीतीश कुमार ने अपने पास रख लिया है और तेजस्वी यादव को पांच मंत्रालय देकर झुनझुना थमा दिया है। वित्त मंत्रालय सभी विभागों की समीक्षा कर सकता है, इसलिए महत्वपूर्ण होता है।
सुशील मोदी ने कहा कि तेजस्वी के पास पांच क्या दस मंत्रालाय हो जाए तो अन्य विभागों का रिव्यू नहीं कर पाएंगे। इसीलिए नीतीश कुमार ने उन्हें भी ठग लिया और झुनझुना पकड़ा दिया है। सुशील मोदी ने कहा कि बिहार की स्थिति को लेकर हम बैठक करने जा रहे हैं कि क्या हुआ, कैसे हुआ और आगे हमारी रणनीति क्या हो, इस पर चर्चा करने जा रहे हैं।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
आप नेता नरेश बालियान ने लिखा, ‘झुनझुना तो आपको भाजपा ने पकड़ा दिया राज्यसभा भेज कर।’ मुकेश नाम के यूजर ने लिखा कि मंत्रालय, मंत्रालय होता है जनता के हित के लिए बना होता है। प्रदीप गुप्ता नाम के यूजर ने लिखा कि जैसे महाराष्ट्र में भाजपा ने एकनाथ शिंदे को बेवक़ूफ बना कर झुनझुना पकड़ा दिया और सत्ता की सारी मलाई खुद चाट गए।
दीपक अग्रवाल नाम के यूजर ने लिखा कि मंत्रालय रख कर भी कोई क्या कर लेगा? बिहार वहीं का वहीं खडा है, जहां 20 साल पहले खडा था। अतुल कुमार सेठ नाम के यूजर ने लिखा कि चाचा भतीजा आपस में निपट लेंगे, आप अपना काम करें। चन्द्र किशोर नाम के यूजर ने लिखा कि महाराष्ट्र में भी भाजपा ने गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय अपने पास रखा है।