लोकसभा चुनाव होने में अभी पूरे 2 साल बाकी हैं लेकिन राजनैतिक दल अभी से ही अपनी पार्टी को लेकर माहौल बनाने में लगे हैं। इसी को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया। जिस पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन देते नजर आ रहे हैं।
सपा नेता ने किया यह ट्वीट
समाजवादी पार्टी के नेता ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘मोदी को कोई सत्ता से हटा सकता है तो सिर्फ समाजवादी पार्टी। 2014 में सपा ने 39 लोकसभा सीटें जीतकर बीजेपी को सत्ता से बेदखल कर दिया था।’ सपा नेता के इस पोस्ट पर कुछ लोगों ने उनका समर्थन किया है तो वहीं कुछ लोगों ने तंज कसते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का रिजल्ट इतनी जल्दी कैसे भूल सकते हैं।
लोगों के जवाब
प्रमोद सिंह नाम के ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं कि 2014 के बाद से तो समाजवादी पार्टी बढ़ती ही चली गई। घनश्याम भरद्वाज लिखते हैं, ‘लेटेस्ट मीडिया सर्वे के अनुसार आम चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में एक भी सीट जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। इस तरह से आप बीजेपी को सत्ता से कैसे हटा सकते हैं। अगर आप आम चुनाव में 15 सीट भी नहीं जीत पाते हैं तो उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को भी भूल जाइए।’
राजू कुमार नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए कमेंट किया कि वह दिन अब चले गए। दयाशंकर पांडे नाम के टि्वटर हैंडल से लिखा गया, ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने मत देखिए।’ दिनेश कुमार नाम के एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि पहले 2009, 2014 और 2019 का परिणाम बताओ, उसके बाद इस तरह की बात करना। राजीव शुक्ला नाम के एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि सर आप तो अच्छा मजाक कर लेते हैं। नंदन दुबे द्वारा लिखा गया, ‘सिर्फ गलत बयान बाजी से कई पार्टियां जीत नहीं पा रही हैं, अरे कुछ जमीन पर भी मेहनत करो।’
2019 लोकसभा चुनाव में सपा ने जीती थी इतनी सीट
लोकसभा चुनाव 2019 में बीजेपी ने 80 सीटों में 62 संसदीय सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा के सहयोगी दल अपना दल को 2 सीटें मिली थी। वहीं समाजवादी और सपा गठबंधन अपना करिश्मा दिखा पाने में विफल हो गई थी। इस चुनाव में बसपा के खाते में जहां 11 सीटें आई थी वहीं समाजवादी पार्टी 5 सीटों पर ही सिमट गई थी। जानकारी के लिए बता दें कि हाल में ही हुए आजमगढ़ और रामपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है।