समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि बीजेपी शासन में आम जनमानस की आस्था पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
सपा प्रमुख ने लिखा, ‘उप्र में भाजपा के शासन में बुलडोज़र लोगों के घरों पर ही नहीं; आम जनमानस की आस्थाओं पर भी चलाया जा रहा है। ये अक्षम्य पाप भी है और सामाजिक भावनाओं को आहत करने के कारण अपराध भी। उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव ने जो वीडियो शेयर किया है वह कब का है, कहां का है, इसकी कोई जानकारी नहीं दी है। इस ट्वीट पर लोगों ने प्रतिक्रियाएं भी दी हैं।
अमरीश प्रजापति नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि योगी जी की पुलिस ने मंदिर पर बुलडोजर चलवा दिया। हिंदू युवा वाहिनी वाले नजर नहीं आए? सुकृति लिखती हैं कि बुलडोजर से आपको इतनी घबराहट क्यों हो रही है। माफिया और गुंडों की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलने से आप पर क्या असर पड़ रहा है। अपराधियों के प्रति हमदर्दी का कारण भी स्पष्ट कर दें।
एमएन रॉय लिखते हैं कि किस जनमानस की आस्था की बात कर रहे हो? शैलेंद्र सिंह ने लिखा, अरे भैया अखिलेश यादव को कब से मंदिर की चिंता होने लगी? आकांक्षा श्रीवास्तव कमेंट करती हैं, अखिलेश यादव आप अपनी सरकार में हुए कांड भूल गए क्या? बुलडोजर तो आप जैसे नेताओं की लूटी हुई संपत्ति पर चलना चाहिए।
मोहित श्रीवास्तव लिखते हैं कि जब इंसान की बुद्धि भ्रष्ट होती है तो वह विनाश की ओर चला जाता है। वही हाल बीजेपी का हो गया है। आस्था और महंगाई इसे ले डूबेगी। धीरज यादव ने लिखा, चंदाजीवी को भगवान में आस्था नहीं है, भगवान के चंदा चोरी करने में इनकी आस्था जाग जाती है। चंदन सोनी ने लिखा, कारसेवकों पर गोली चलवाने से बड़ा और अच्छा पाप और क्या हो सकता है?
गौरतलब है कि हाल के दिनों में यूपी की सियासत में बुलडोजर को लेकर खूब चर्चा हो रही है। हाल में ही योगी आदित्यनाथ ने एक संबोधन में कहा था, असामाजिक तत्वों के लिए सरकार का बुलडोजर तैयार है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा था कि बीजेपी को अपना चुनाव चिन्ह बुलडोजर कर लेना चाहिए।