उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का निधन शनिवार रात को हो गया। 89 वर्ष की उम्र में कल्याण सिंह ने दुनिया को अलविदा कह दिया। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को शाम नरोरा में गंगा नदी के घाट के किनारे किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के बाद उनके अंतिम दर्शन करने वालों का तांता लगा हुआ है।
ऐसे में कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। जिसमें उनके पार्थिव शरीर पर तिरंगा झंडा के ऊपर भाजपा का झंडा लगाया गया है। इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर लोग तमाम प्रकार के सवाल बीजेपी से पूछ रहे हैं। वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि बीजेपी का झंडा जेपी नड्डा के द्वारा तिरंगे के ऊपर रखा गया है।
कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर की वायरल हो रही तस्वीर में देखा जा सकता है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं उनके साथ में यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह खड़े हुए हैं। इस तस्वीर को फिल्म प्रोड्यूसर विनोद कापड़ी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि राष्ट्रीय ध्वज के ऊपर पार्टी का झंडा? क्यों जेपी नड्डा? कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने भी इस तस्वीर को अपने ट्विटर एकाउंट से शेयर करते हुए लिखा कि कभी तो तिरंगे का सम्मान कर लिया करिए।
कांग्रेस नेता अभय तिवारी ने यह तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि भारतीय ध्वज संहिता – 2002 के नियम के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज के ऊपर या बगल में कोई अन्य धर्म नहीं लगाया/ रखा जा सकता है। ये राष्ट्रद्रोह है। आचार्य प्रमोद ने इस तस्वीर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि अफसोस जनक और दुर्भाग्यपूर्ण। समाजवादी पार्टी के नेता राजीव राय ने लिखा कि विनम्र श्रद्धांजलि कल्याण जी को… राष्ट्रीय ध्वज के अपमान करने के कारण आप सभी पर तत्काल मुकदमा होना चाहिए।
स्वतंत्र पत्रकार रणविजय सिंह ने बीजेपी पर तंज कसते हुए लिखा कि मुझे यकीन पीएम मोदी तिरंगे के ऊपर कोई भी झंडा बर्दाश्त न करते। उनकी गैर – मौजूदगी में ऐसा हुआ होगा।
बता दें कि कुछ टि्वटर यूजर ने कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के साथ खड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर शेयर किया है। उस तस्वीर में स्वतंत्र देव सिंह हाथ में बीजेपी का झंडा लिए हुए दिखाई दे रहे हैं।