न्यूज़ चैनल के डिबेट के दौरान अक्सर ही अलग अलग राजनीतिक दलों के प्रवक्ता आपस में उलझ जाते हैं। ऐसा ही एक वाकया भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे के बीच भी हुआ। न्यूज़ 18 इंडिया के शो में दोनों ही पार्टी के प्रवक्ता वैक्सीनेशन के मुद्दे पर एक दूसरे से भिड़ गए।
संबित पात्रा ने कहा, विश्व पटल में पोलियो वैक्सीन के आने के 23 साल बाद पोलियो का टीका भारत आया था। बहुत सारी वैक्सीन ऐसी हैं जो दुनिया में बहुत पहले आ गई थी लेकिन भारत में बहुत देर में आईं। भारत ने जो कीर्तिमान रचा है वह छोटा विषय नहीं है।
इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे की टिप्पणी पर संबित पात्रा ने कहा कि वो जवाहरलाल नेहरू को भी धन्यवाद दे रहे हैं। राहुल गांधी का जिक्र आने पर पात्रा और दुबे के बीच बहस होने लगी। बात संस्कारों तक जा पहुंची। इस बीच एंकर ने कहा कि हम एक दूसरे पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करेंगे। इस डिबेट का विषय वैक्सीनेशन है। हम संस्कारों पर बहस करने नहीं बैठे हैं।
वैक्सीनेशन पर बात पर संबित पात्रा कहते हैं, हिंदुस्तान में कई देशों की जनसंख्या के बराबर वैक्सीन एक दिन में लगाई गई है। एक समय ऐसा था जब कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री से कहा था कि आप आकर भारत के प्रधानमंत्री बन जाइए क्योंकि आपने वहां कमाल करके दिखाया है। ये लोग वहां के पीएम को बुलाकर कह रहे थे कि आप आइए और भारत की बागडोर संभालिए।
गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्र के नाम संबोधन देते हुए कहा है कि देश के नागरिकों ने ताली, थाली बजाई, दीए जलाए तब कुछ लोगों ने कहा था कि क्या इससे बीमारी भाग जाएगी? लेकिन हम सभी को उसमें देश की एकता दिखी, सामूहिक शक्ति का जागरण दिखा। पीएम मोदी ने कहा, पिछली दिवाली हर किसी के मन में एक तनाव था, लेकिन इस दिवाली 100 करोड़ वैक्सीन डोज के कारण एक पैदा हुआ विश्वास है। अगर मेरे देश की वैक्सीन मुझे सुरक्षा दे सकती है, तो मेरे देश में बने सामान मेरी दिवाली को और भी भव्य बना सकते हैं।
