देश की आजादी के 75 साल को लेकर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया गया है। इसको लेकर अब कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई है। इसी विषय पर हो रही एक टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे ने बीजेपी पर हमला बोला तो भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने जवाब दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने पूछे ऐसे सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे ने अपनी बात रखते हुए कहा कि बीजेपी के तिरंगा यात्रा का हम स्वागत करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने सवाल पूछा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 15 दिन सभी लोग अपने डीपी और स्टेटस में तिरंगा लगाएं तो आर. एस. एस के नेताओं ने ऐसा क्यों नहीं किया है? चीन को लेकर भी अभय दुबे ने पूछा कि, ‘आज पड़ोसी देश हमको चुनौती दे रहा है, उसके लिए क्या किया जा रहा?’
संबित पात्रा ने यूं किया पलटवार
कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा उठाए गए सवाल पर संबित पात्रा ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘अरे महंगाई बढ़ गई है तो तिरंगा नहीं फहराएंगे, ये लोग कुछ भी बात करते रहते हैं।’ संबित पात्रा ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि इन लोगों ने तय किया है कि अपने पैर पर ही कुल्हाड़ी मारना है। सर्जिकल स्ट्राइक होगी तो आर्मी को गाली देंगे, एयर स्ट्राइक होगी तो सबूत मांगेंगे, तिरंगा फहराने को कहा जाएगा तो मोदी को गाली देंगे।
संबित पात्रा ने कहा – कब तक गांधी परिवार को तिरंगा…
कांग्रेस नेताओं द्वारा पंडित नेहरू की तिरंगा पकड़े तस्वीर सोशल मीडिया पर लगाने पर संबित पात्रा ने कहा कि एक साधारण परिवार से आने वाली महिला देश की राष्ट्रपति बन सकती है, यहां तो केवल नेहरू जी और उनका खानदान ही तिरंगा पकड़कर रहेगा। उनके खानदान का ही केवल डीपी लग सकता है, तिरंगा भी लगेगा तो वह इनके खानदान के साथ ही लगेगा। संबित पात्रा ने कहा, ‘हम उनका सम्मान करते हैं लेकिन आप अपनी भी डीपी तो लगाइए। कब तक गांधी को तिरंगा पकड़वाकर रखवाएंगे तिरंगा पकड़कर डीपी लगाइए।’
यूजर्स के रिएक्शन
हरजीत नाम के ट्विटर यूजर ने कहा कि जिन लोगों ने 52 साल तक अपने कार्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया। आज तिरंगा निकालने पर उनसे सवाल क्यों नहीं किया जा रहा है। अनुभव शुक्ला नाम के टि्वटर यूज़र ने सवाल किया, ‘ संबित पात्रा आरएसएस वालों से क्यों नहीं पूछ रहे हैं कि उन्होंने अपनी डीपी में तिरंगा क्यों नहीं लगाया है।’