राजद विधायक सुधाकर सिंह अक्सर अपने बयानों को लेकर विवादों में रहते हैं। अब सुधाकर सिंह ने जिला कलेक्टर को निशाना बनाने की सलाह दी है। सोशल मीडिया पर राजद विधायक और पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिस वह लोगों से कह रहे हैं कि कलेक्टर आएं तो उनके मुंह पर थूक देना और अगर डर लगे तो उन्हें ठेंगा दिखा देना।
किसान महापंचायत में शामिल हुए राजद विधायक सुधाकर सिंह ने भ्रष्टाचार पर बोलते हुए कहा, ‘कलेक्टर काम नहीं करें तो लाठी-डंडा चलाने पर केस हो जाएगा, इसलिए अफसरों के मुंह पर थूक दो। आंदोलन के दौरान अगर आप लाठी चलाएंगे और उसका सर फट गया तो आप पर 302 और 307 का केस लग जाएगा, लेकिन 100 लोग मिलकर कलेक्टर के मुंह पर थूक देंगे तो कलेक्टर 100 लोगों पर क्या दफा लगाएगा?’
अधिकारियों को पहनाइए जूते चप्पल की माला- सुधाकर सिंह
सुधाकर सिंह ने किसानों की सलाह दी कि फूलों की माला की जगह अधिकारियों को फटे हुए जूते और चप्पलों की माला पहनाइए। अगर कोई अधिकारी बाजार में सब्जी लेने आता है तो उसे अंगूठा दिखाइए। इससे आप पर कोई धारा नहीं लगेगी। सोशल मीडिया पर सुधाकर सिंह का यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
@Ashok80058370 ने लिखा, ‘बिहार के सभी सरकारी कर्मचारियों को तत्काल राजद नेताओं को उनकी ही भाषा में जवाब देना चाहिए।’ एक अन्य ने लिखा, ‘आप जैसे नेता जिस दिन कुर्सी छोड़ देंगे, देश की आधी समस्या उसी दिन समाप्त हो जाएगी।’ एक ने लिखा, ‘इनके खिलाफ बिहार पुलिस और राजद कोई कार्रवाई नहीं कर सकती है क्योंकि ये प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र हैं। मैं चुनौती देता हूं बिहार के गृह मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को, इनके खिलाफ कार्रवाई कर के दिखाये। क्योंकि तेजस्वी यादव जी तो ऐसे भी सुधाकर सिंह के खिलाफ कोई एक्शन लेंगे नहीं।’
एक अन्य ने लिखा, ‘गलती इनकी नहीं है, गलती उन अधिकारियों की है जो ऐसे नेताओं पर कार्रवाई करने के बदले, सांठगांठ में लगे रहते हैं।’ @PannaLalKumar06 ने लिखा, ‘सुधाकर सिंह अधिकारियों को ठेंगा नहीं दिखा रहे हैं बल्कि तेजस्वी यादव को ठेंगा दिखा रहे हैं, भाजपा के लिए काम कर रहे हैं इसलिए अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। तेजस्वी यादव और लालू जी को ऐसे विधायकों पर कार्रवाई करनी चाहिए और पार्टी से बिना देर किए निकाल फेंकना चाहिए।’