राजस्थान में विधासनभा चुनाव की वजह से राजनीतिक सरगर्मी तेज है। कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टी के नेताओं के बीच गुटबाजी की खबरें सामने आती रहती हैं। हालांकि अब कांग्रेस नेता का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह सोनिया गांधी पर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
राजस्थान सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता शांति धारीवाल वीडियो में कह रहे हैं कि “मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है? वहीं होता है जो, मंजूरे सोनिया गांधी होता है।” सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है। कई यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि धारीवाल ने टिकट काटने की खबर पर ये सब बातें कही है लेकिन ये सच नहीं है।
यह वीडियो साल 2022 सितंबर का है, जब राजस्थान कांग्रेस में कलह मची हुई थी। कांग्रेस पार्टी की तरफ से शांति धारीवाल के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। मीडिया से बात करने के दौरान उन्होंने यह बातें कही थीं। चुनाव के बीच शांति धारीवाल के टिकट करने की अटकलों के साथ उनका यह वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है।
धारीवाल के पुराने वीडियो पर अब क्या बोल रहे बीजेपी नेता?
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘गहलोत सरकार के वरिष्ठ मंत्री शांति धारीवाल को सुनिए, कह रहे हैं, “मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वही होता है जो मंज़ूरे सोनिया गांधी होता है।” शांति धारीवाल ने कांग्रेस पार्टी के अंदर के लोकतांत्रिक व्यवस्था और पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की हैसियत को बयां कर दिया।’ अर्जुन राम मेघवाल ने वीडियो शेयर कर लिखा कि कांग्रेस सरकार में वरिष्ठ मंत्री शांति धारीवाल जी सही कह रहे हैं, “कांग्रेस पार्टी में वही होता है, जो मंजूरे सोनिया गांधी होता है।” परिवारवादी पार्टियों में न तो किसी अध्यक्ष की राय ली जाती है और न ही किसी नेता की, वहाँ सिर्फ एक परिवार के कुछ सदस्य ही सबकुछ होते हैं।’
बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह ने लिखा, ‘कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं गहलोत सरकार में मंत्री शांति धारीवाल जी का यह कथन कांग्रेस पार्टी की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बयां कर रहा है। कांग्रेस में कार्यकर्ता नहीं बल्कि एक परिवार ही सर्वोपरि है।’
बता दें कि शांति धारीवाल का वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। ये वीडियो तब का है जब राजस्थान में पायलट गुट और अशोक गहलोत गुट के बीच विवाद हो गया था। कांग्रेस के आलाकमान को दिल्ली से दखल देना पड़ा था। उसी दौरान शांति धारीवाल ने यह बयान दिया था।