उत्तर प्रदेश के आगरा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में ही एक दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं। इसी को लेकर बीजेपी नेता सहित आम ट्विटर यूजर भी मजे ले रहे हैं।
दरअसल आगरा में कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इन कार्यकर्ताओं में होर्डिंग लगाने को लेकर एक दूसरे से कहासुनी हो गई। जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में ही दो गुट बनाकर मारपीट करने लगे।
इस वीडियो को योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने शेयर करते हुए लिखा कि कार्यक्रम ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का था लेकिन आगरा में आपस में ही लड़ पड़े कांग्रेस के कार्यकर्ता। भावेश कुमार नाम के यूजर ने इस वीडियो पर हंसने वाली इमोजी के साथ लिखा – इनका नारा होना चाहिए लड़का हूं, गुंडई भी कर सकता हूं। अशोक जडेजा नाम की एक टि्वटर हैंडल से इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया कि जी भर कर एक दूसरे से लड़ लो। बीजेपी का काम आसान कर रहे हो।
संजीव सिंह नाम के ट्विटर एकाउंट से कमेंट आया, ‘ यह किसी पार्टी की बात नहीं है। बड़े नेताओं के साथ अपने संबंध बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता इस तरह की मारपीट करते रहते हैं।’ सिद्धार्थ नाम के एक ट्विटर यूजर लिखते हैं कि इस घटना के बाद कांग्रेस का नया नारा – कांग्रेसी हैं, लड़ते रहते हैं। अनुराधा राठौर नाम की यूजर ने लिखा – बेचारे लड़के बता रहे होंगे कि हम भी लड़ सकते हैं।
गिरीश त्यागी नाम के यूजर ने लिखा कि प्रियंका गांधी जरा बताइए क्या हो रहा है? आपसे तो घर भी नहीं संभाला जा रहा प्रदेश क्या संभालेंगी। गौरव तिवारी नाम के एक यूजर ने इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी, ‘ प्रियंका गांधी के नारे ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ के बाद राहुल गांधी ने दिया लड़कों को नारा, कांग्रेस के लड़के हैं, कहीं भी कुर्सी तोड़ सकते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव को लेकर नारा दिया है कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’।