अगर आपने किसी एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर किया है तो उसमें कभी न कभी ऐसा नजारा जरूर देखा होगा जब लोग सफर को सुहाना बनाने के लिए कोच में सुरों की महफिल लगा लेते हैं। भजन से लेकर फिल्मी गाने उस महफिल में गुनगुनाए जाते हैं। ऐसा नजारा ट्रेनों में भले ही कभी-कभी देखने को मिलता हो, लेकिन मुंबई की लाइफलाइन लोकल ट्रेन में हर दिन ऐसे नजारे देखने को मिलते हैं। ऐसी ही एक सुरों की महफिल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
सोनू निगम को भी पसंद आया वीडियो
वीडियो में मुंबई लोकल के अंदर यात्री सोनू निगम का फेमस गाना ‘ये दिल दिवाना…’ गा रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग इस गाने को खूब एन्जॉय कर रहे हैं और जो मेन शख्स उस गाने को गाता दिखाई दे रहा है उसकी आवाज भी अच्छी है। खुद सिंगर सोनू निगम ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है। सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लिखा है, “वाकई बहुत सुंदर है। इससे मुझे भी बहुत खुशी मिली है। सभी पर ईश्वर की कृपा बनी रहे।”
वीडियो को 12 मिलियन से अधिक मिले व्यूज
वायरल वीडियो ने इंस्टाग्राम पर धूम मचा दी है। इस वीडियो को the_minihaboo (Ayush) नाम के हैंडल से शेयर किया गया है। 11 जुलाई को पोस्ट किए गए वीडियो को 12 मिलियन से अधिक व्यूज मिल गए हैं। वहीं 1 मिलियन से अधिक लोगों ने इस वीडियो को लाइक किया है। 10 हजार के करीब लोगों ने वीडियो पर कमेंट किया है।
यूजर्स के रिएक्शन
वीडियो पर सोनू निगम के रिएक्शन के अलावा कई अन्य यूजर्स भी फनी मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट सेक्शन में लिखा है, “दफ्तर में दिनभर के काम के बाद खराब बुनियादी ढांचे और एक्सट्रीम मौसम वाले शहर में यात्रा करने के बाद इतना खुश रहना,,, खुशी वास्तव में एक ऑप्शन है जिसे आप बाहरी परिस्थितियों की परवाह किए बिना चुनते हो।” एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है, “ये वो चीजें हैं जो सिर्फ मुंबई में ही हो सकती हैं।”