प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा झंडा फहराया और देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने मणिपुर समेत कई मुद्दों पर बात रखते हुए अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया। हर साल 15 अगस्त को देश स्वतंत्रता दिवस मानता है। हालांकि कई लोग इस बात को लेकर कंफ्यूजन में हैं कि देश 76वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है या 77वां।
देश 76वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है या 77वां।
हमारा देश भारत 15 अगस्त, 1947 को आजाद हुआ था और आजादी की पहली सालगिरह 15 अगस्त, 1948 को मनाई गई थी। मतलब 15 अगस्त 1948 को भारत को आजाद हुए एक साल हुआ था। इस हिसाब से साल 2023 में भारत में 76वां आजादी का जश्न मनाया जा रहा है।
देश मना रहा है 77वां स्वतंत्रता दिवस
हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि आजादी का पहला जश्न 1947 में ही मनाया गया था। इस हिसाब से इस बार देश आजादी का 77वां जश्न मना रहा है। आधिकारिक तौर पर भी देश आज 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पूरा देश देशभक्ति में डूबा नजर आ रहा है और लोग तिरंगे को सलाम कर रहे हैं।
पिछले साल 2022 में आजादी का 75वां साल पूरा हुआ था, और ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मार्च 2021 को शुरू किया था। इसका मतलब है कि भारत ने पिछले साल आजादी का 76वां वर्षगांठ मनाया था और इस बार देश आजादी का 77वां वर्षगांठ मना रहा है। इस साल स्वतंत्रता दिवस की थीम, आजादी का अमृत महोत्सव के साथ ‘नेशन फर्स्ट, ऑल्वेज फर्स्ट’ यानी ‘राष्ट्र पहले, हमेशा पहले’ है।
वहीं लाल किला से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मणिपुर का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर राज्य में समाधान का रास्ता शांति से निकलेगा. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने अपनी ‘वाइब्रेंट विलेजेज’ योजना के जरिए सीमावर्ती गांवों के बारे में सोच बदल दी है। उन्होंने कहा, “सीमा पर स्थित गांव भारत का आखिरी गांव नहीं है, जैसा कि पहले कहा गया था, यह देश का पहला गांव है।”