उत्तर प्रदेश के नॉएडा की एक सोसायटी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी के निवासी श्रीकांत त्यागी नाम का एक व्यक्ति महिला के साथ अभद्र व्यवहार, गालियां और अपमानजनक तरीके से बातचीत कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद नॉएडा पुलिस हरकत में आई लेकिन तब तक आरोपी श्रीकांत त्यागी फरार हो गया! दावा किया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी भाजपा से जुड़ा हुआ है।
नॉएडा पुलिस ने कहा- श्रीकांत त्यागी फरार!
नॉएडा पुलिस ने एक वीडियो जारी कर बताया कि ‘वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि श्रीकांत त्यागी नाम के एक व्यक्ति एक महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग अश्लील टिप्पणियां कर रहा है और हाथापाई कर रहा है.। इसी मामले को त्वरित संज्ञान में लिया गया है। अभियुक्त पंजीकृत किया गया है, इस वक्त अभियुक्त फरार है उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उस गिरफ्तार कर कठोरतम कार्रवाई की जायेगी।’
पुलिस के बयान पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
श्रीकांत त्यागी के फरार होने की खबर पर लोग सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सतीश ना के यूजर ने लिखा कि ‘पुलिस से फरार नहीं हो सकता, यदि पुलिस चाहेगी तो फिर उसे चूसे के बिल में से भी घसीटकर ला सकती है और उसे सलाखों के पीछे डाल सकती है क्योंकि हमें अपनी पुलिस पर भरोसा है।’
रामजीत पाल नाम के यूजर ने लिखा कि ‘सच तो ये है कि अगर पुलिस चाहे तो किसी भी मुजरिम को एक घंटे में पाताल से भी खोजकर ला सकती है लेकिन नहीं, बस बोल दिया कि फरार हो गया 2 से 4 दिन मामला रहेगा। उसके बाद फिर वो पुलिस के साथ पार्टी करते नजर आएगा।’ तसनीफ नाम के यूजर ने लिखा कि ‘घर दुकान मकान तो फरार नहीं हुए हैं न! वहां बुलडोजर क्यों नहीं चला? क्या बुलडोजर वाली सुविधा केवल एक धर्म विशेष के लिए है?’
सुरेंद्र पाठक नाम के यूजर ने लिखा कि ‘फरार नही हुआ है, एक बार और कमल छाप साबुन से गंगा में नहाने गया होगा। वैसे अगर यह नेता गैर भाजपाई होता तो आज जेल में होता!’ कलाम खान ने लिखा कि ‘BJP का है, इतना मौका तो मिलना चाहिए ताकि भाग सके। पार्टी सरकार में उसका असर तो दिखना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने किया संबंध से इंकार
बता दें कि सोशल मीडिया पर लोग श्रीकांत त्यागी को भाजपा विधायक और भाजपा नेता बता रहे हैं। हालांकि वह भाजपा के विधायक नहीं है। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सांसद राजकुमार चाहर ने वीडियो जारी कर ये भी कहा, “ श्रीकांत त्यागी नाम का व्यक्ति भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में न था और न ही है। इसका किसान मोर्चे से कोई वास्ता नहीं है। सरकार और कानून उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करे।” इसी बीच श्रीकांत त्यागी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसमें वह भाजपा के तमाम बड़े नेताओं के साथ नजर आ रहा है।