Mumbai Local Viral Video: मुंबई की लोकल ट्रेन में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अचानक महिला कोच में एक शख्स निर्वस्त्र हालत में चढ़ गया। महिलाएं उसे देखकर परेशान हो गईं और चिल्लाने लगीं। शख्स निर्वस्त्र अवस्था में सेंट्रल रेलवे की एसी ट्रेन में चढ़ गया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।
दरअसल, मुंबई लोकल इस शहर की लाइफ लाइन कही जाती है। मुंबई लोकल के कई वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं। कई लोग मुंबई लोकल में रील बनाते हैं, फैशन करते हैं। सोचिए अगर लोकल न होती तो मुंबई का क्या होता? लोकल ट्रेन को मुंबई का दिल कहा जाता है। आलम यह है कि लोकल ट्रेन रुकती है तो मुंबई रुक जाती है, हालांकि मुंबई की जान कही जाने वाली ये लोकल ट्रेन इस समय एक अलग वजह से चर्चा में है।
हुआ यूं कि मुंबई की लोकल में महिलाएं उस समय शोर मचाने लगीं जब एक शख्स एसी ट्रेन में बिना कपड़ों के चढ़ गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक शख्स नग्न अवस्था में एसी लोकल में चढ़ जाता है। इस शख्स को देखकर सभी महिलाएं डर जाती हैं और चिल्लाने लगती हैं। दरवाजे बंद होने के कारण महिलाएं अधिक डरी हुई हैं और मदद के लिए बाहर यात्रियों को हाथ दिखा रही हैं। इस समय महिलाओं की चीख-पुकार सुनाई देती है।
घाटकोपर रेलवे स्टेशन का मामला
मिली जानकारी के मुताबिक ये वीडियो घाटकोपर रेलवे स्टेशन का है। घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर जब एसी लोकल रुकी तो यह मनोरोगी नग्न हालत में ट्रेन में चढ़ गया। घटना सोमवार 16 दिसंबर 2024 की दोपहर की है। कल्याण एसी लोक चार बजकर ग्यारह मिनट पर घाटकोपर स्टेशन पर रुकी।
स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही मनोरोगी कोच में चढ़ गया, जैसे ही यह शख्स लोकल में चढ़ा तो खूब चीख-पुकार मच गई। कई महिलाएं एसी लोकल में शोर मचाने लगीं। महिलाओं के इस हंगामे पर एसी लोकल से टीटीई वहां पहुंच गए, उन्होंने नग्न शख्स को ट्रेन से बाहर खींच लिया। इसके बाद वहां मौजूद महिलाओं समेत यात्रियों ने राहत की सांस ली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और महिला डिब्बे में उनकी सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है।