यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली के कई इलाके पानी में डूब गये हैं। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि यमुना में जलस्तर बढ़ने के बाद पैदा हुए हालात पर DDMA की बैठक हुई। दिल्ली में सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को रविवार तक के लिए बंद किया जा रहा है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने पानी की सप्लाई भी बाधित होगी। दिल्ली में बाढ़ के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं।
दिल्ली के कई इलाके पानी में डूबे
दिल्ली में छाती तक डूबे एक शख्स द्वारा रिक्शा खींचने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़क पानी में डूबी हुई है। करीब सीने तक पानी है। एक रिक्शा चालक इतने पानी में भी रिक्शा को खींचता दिखाई दे रहा है। बाढ़ के बाद दिल्ली में पैदा हुए हालात पर सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
एक यूजर ने रिक्शा चालक के वीडियो पर लिखा, “सबसे आशावादी व्यक्ति… जो पैसेंजर्स पाने के बारे में सोच रहा है लेकिन दुर्भाग्य से उसे मीडिया कवरेज मिल गया।” ट्विटर यूजर @gehlot_sujata ने लिखा, ‘मैं वेनिस जाने का सोच रही थी लेकिन अब नहीं जाऊंगी। धन्यवाद केजरीवाल जी वेनिस का मजा दिल्ली में देने के लिए।’ शिवम मिश्रा ने लिखा, ‘बधाई हो!! दिल्ली वालो केजरीवाल जी ने पूरे दिल्ली को स्विमिंग पुल बना दिया।’
दिल्ली सांसद गौतम गंभीर ने बाढ़ पर कहा है, ‘बाढ़ में दिल्ली इसी लिए बह गयी क्योंकि विकास कार्यों का पैसा प्रचार में बहाया गया। मैं लगातार राहत कार्यों का जायजा ले रहा हूं और सभी पीड़ितों को हमारी जन रसोई से रोज़ाना खाना पहुंचा जायेगा!’ आप नेता नितिन त्यागी ने लिखा, ‘हथनीकुंड से पानी छोड़कर दिल्ली में बाढ़ की हालत बनाकर ” बीजेपी ” अब दिल्ली में लोगों की मदद की बजाय सस्ती राजनीति में लगी है।’
आप विधायक नरेश बालियान ने लिखा, ‘यमुना का रौद्र रूप विकराल है। वीडियो देख पानी की स्थिति को समझिए। भाजपाईयों के अनुसार इस पानी को अरविंद केजरीवाल को बाल्टी से खाली करना चाहिए था। अगर बाल्टी से खाली करते तो यमुना में बाढ़ नहीं आती।’ एक अन्य ने लिखा, ‘मोदीजी को गालियां देने और दूसरे राज्यो में सत्ता की लालसा को छोड़कर दिल्ली पर ध्यान दिया होता तो ये समस्या इतनी बड़ी नही होती।’