कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘मोदी सरनेम’ को लेकर मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के खिलाफ आज गुजरात के सूरत स्थित सत्र अदालत में अपील दाखिल करेंगे। इसके लिए वह कांग्रेस महासचिव व अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ सूरत पहुंच गए हैं। इसको लेकर कानून मंत्री किरण रिजिजू ने ट्ववीट कर तंज कसा। उन्होंने राहुल के इस काम को नाटक बताया। जिस पर कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने कटाक्ष किया।
किरण रिजिजू ने साधा निशाना
केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा,’मेरा सीधा सवाल है। कांग्रेस न्यायपालिका पर इस तरह का अनुचित दबाव बनाने की कोशिश क्यों कर रही है। न्यायिक मामलों से निपटने के तरीके होते हैं लेकिन क्या यह तरीका है? क्या पहले ऐसा कोई मामला देखने में आया है, जब कोई पार्टी अदालत का घेराव करने की कोशिश कर रही है।’ इसके साथ उन्होनें लिखा कि कांग्रेस केवल राहुल गांधी के लिए यह ‘नौटंकी’ कर रही है क्योंकि वह एक परिवार और एक व्यक्ति को देश और उसके कानूनों से ऊपर मानती है।
कांग्रेस नेता ने दिया ऐसा जवाब
भारतीय यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने किरण रिजिजू के ट्वीट पर कटाक्ष करते हुए पूछा,’अभी से कांप क्यों रहे हो? पहले अमित शाह- राहुल गांधी सजा के खिलाफ न्यायालय में अपील क्यों नही कर रहे है? और अब ट्रोल मंत्री- राहुल गांधी न्यायालय में अपील करने खुद क्यों जा रहे है? इसके साथ उन्होंने लिखा कि साल 2015 – पूर्व वित्त मंत्री, स्व अरुण जेटली जी केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का केस करने पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचे थे। उनके साथ में मोदी मंत्रिमंडल के मंत्रियों की टोली, BJP के नेता भी न्यायालय पहुंचे थे। तब एकजुटता के लिए गए थे या न्यायालय पर दवाब बनाने के लिए?
सोशल मीडिया यूज़र्स के रिएक्शन
@MohdWaseemINC नाम के एक ट्विटर हैंडल से लिखा गया- अच्छी तरक्की की है कानून मंत्री से राहुल मंत्री बन गए हो। @anushakunmittal नाम के एक यूजर ने कहा- आप देश के लॉ मिनिस्टर हैं, किसी और काम पर ध्यान देते तो शायद ज्यादा बेहतर रहता। @BC_WHEEL नाम के एक यूजर ने पूछा,’इसमें आपको क्या पड़ा है?’ @preetikhatri22 नाम के एक यूजर ने कहा कि आपको राहुल जी की हर चीज से तकलीफ क्यों है?’
जानकारी के लिए बता दें कि राहुल गांधी के प्रति समर्थन जताने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह, हरीश रावत और केसी वेणुगोपाल सहित कई नेता सूरत पहुंचे हैं। अशोक गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। हम यहां अपनी एकता दिखाने आए हैं। हम देश को बचाने के लिए सत्याग्रह कर रहे हैं। देश देख रहा है कि आज इंदिरा गांधी के पोते और राजीव गांधी के बेटे राहुल गांधी के साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है।