केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के हाईकमान पर निशाना साधते हुए एक ट्वीट किया है। कांग्रेस से बीजेपी में आये सिंधिया अब अपनी पुरानी पार्टी पर तंज कसते नजर आते हैं। उन्होंने बुधवार को कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार द्वारा जम्मू कश्मीर को लेकर दिए गए बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि ऐसे नेताओं को छोड़ देना कांग्रेस की गंभीर भूल होगी।

उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कांग्रेस को चेतवानी देते हुए ट्वीट कि जम्मू कश्मीर को लेकर पंजाब कांग्रेस के नेताओं की निंदनीय टिप्पणियों पर कांग्रेस हाई कमान की चुप्पी इन राष्ट्र विरोधी बयानों के साथ उनकी मिलीभगत दर्शाती है। ऐसा प्रतीत होता है कि राष्ट्र की भावनाओं और हमारे सैनिकों के संघर्ष और बलिदान के प्रति उनके मन में कोई आदर नहीं है।

उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए लिखा कि इन नेताओं के बयानों पर कोई भी कार्यवाही किए बगैर, और ना ही कोई जिम्मेदारी लिए बगैर ऐसे ही छोड़ देना एक गंभीर भूल होगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस ट्वीट पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।

( यह भी पढ़ें: ज्योतिरादित्य सिंधिया की बहन से मुलायम सिंह की बहू तक: राजघराने में हुआ जन्म, राजनेताओं से रचाई शादी )

एक ट्विटर यूजर ने कमेंट किया कि डेढ़ साल पहले तक आप भी इसी मंडली में शामिल थे और कांग्रेस हाईकमान की चरण वंदना करते थे। @aditya_kumar नाम से ट्विटर हैंडल से कमेंट किया गया कि अरे भाई, इतनी धूर्तता लाते कहां से हो, अभी 2 साल पहले तुम क्या थे और क्या हो गए और जाने कल क्या होगे? एक टि्वटर हैंडल से लिखा गया था जम्मू कश्मीर पर राग अलापने वाले देश बेचने वालों पर चुप हैं। क्या चाहिए भाजपा में गए थे ताकि देश बेच कर मौज करो?

बता दें कि कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के दो सलाहकारों ने कथित तौर पर एक विवादित टिप्पणी दी है। उनके एक सलाहकार बलविंदर सिंह माली ने दावा किया था कि कश्मीर एक अलग देश था, भारत और पाकिस्तान ने उस पर अवैध कब्जा किया था। वहीं उनके दूसरे सलाहकार प्यारे लाल गर्ग ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह द्वारा की गई पाकिस्तान की आलोचना पर सवाल उठाया था।