हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस और भाजपा जमकर प्रचार कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से जेपी नड्डा और कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी प्रचार के लिए पहुंची। जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला किया और आम आदमी पार्टी पर तंज कसा है। नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस बार रिवाज बदलने जा रहा है, एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा आ रही है।
हिमाचल प्रदेश में क्या बोले जेपी नड्डा?
जेपी नड्डा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक नई पार्टी यहां आई थी। चुनाव में आई सबसे पहले और अब सबसे पीछे है। चुनाव शुरू होने से पहले ही चले गए, जानते हैं क्यों? क्योंकि दिल्ली और पंजाब में उनके कारनामों को हिमाचल के लोग अच्छे से जानते हैं। वो बात शिक्षा की करते हैं और शराब घोटाला करते हैं। पानी, बिजली में घोटाला करते हैं। ये आये थे यहां चुनाव लड़ने? लेकिन आपके भाव को समझ गए और यहां से भाग गए! वो अब गुजरात पहुंचे हैं वहां भी इन्हें मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर नड्डा के इस बयान पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। @BhapinThakur यूजर ने लिखा कि गुजरात मॉडल पर भी कुछ बोल दो नड्डा जी, सच्चाई से कब तक मुह मोड़ोगे, कब तक लोगों को गोलमोल बातों से गुमराह करोगे?@kedia789 यूजर ने लिखा कि गुजरात में पुल कैसे गिरा और क्यों गिरा, हर समय विकास की बात करने वाली सरकार के शासन में यह हाल है? निशांत आम के यूजर ने लिखा कि भाईसाहब नड्डा जी, शराब तो आपकी सरकार ने भी खुलवा दी थी कोरोना में, भूल गए? मंदिर और स्कूल से पहले शराब की दूकान खुली थी।
@SSP2805 यूजर ने लिखा कि आप वालों के घोटालों की जांच करने के लिए येदुरप्पा के नेतृत्व में एक जांच कमेटी का गठन करना चाहिए। @sksharm39481801 यूजर ने लिखा कि कुछ तो शर्म करो, भ्रष्टाचार का पुल गुजरात में गिरा है दिल्ली में नहीं, केजरीवाल तो बेकसूर है। @_amitjha यूजर ने लिखा कि गुजरात मे इतनी बड़ी घटना घटी और आप चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। हद है, सच में सारे भाजपाई ही बेशर्म हैं।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को वोटिंग होने वाली है जबकि 8 दिसंबर को मतगणना होगी। हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में दोबारा सत्ता हासिल करने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस और आप भी पूरी मजबूती से चुनावी मैदान में हैं। 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश चुनाव के नतीजे सामने आयेंगे! चुनाव नजदीक आने पर पीएम मोदी और सीएम योगी समेत तमाम नेता हिमाचल प्रदेश वोट मांगने पहुँचने वाले हैं।