अपने प्यार के लिए पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब राजस्थान की एक महिला के पाकिस्तान जाने की खबर सामने आई है। पति से जयपुर घूमने की बात कहकर महिला घर से निकली थी लेकिन जब पति को पता चला कि वह पाकिस्तान पहुंच गई है तो वह भौचक्का रह गया।

फेसबुक के जरिए हुई दोस्ती, पाकिस्तान चली गई महिला

अलवर जिले के भिवाड़ी इंडस्ट्रीयल एरिया में रहने वाली अंजू अपने पति और बच्चों को छोड़ पाकिस्तान चली गई। अंजू को फेसबुक के माध्यम से पाकिस्तान के नसरुल्लाह से दोस्ती हुई और फिर दोनों में प्यार हो गया। प्यार से मिलने के लिए अंजू पाकिस्तान चली गई। पति को मीडिया के जरिए अंजू के पाकिस्तान में होने की जानकारी मिली तो वह निशब्द हो गया।

पति को नहीं थी जानकारी, व्हाट्स एप्प से होती थी बातचीत

32 साल की अंजू अपने पति अरविंद से व्हाट्स एप्प के जरिए संपर्क में थी। वहीं जब अंजू के पाकिस्तान पहुंचने की खबर मीडिया में आई तो पति ने कहा कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। रविवार को अंजू ने पति को जानकारी दी कि वह अपनी सहेली से मिलने के लिए पाकिस्तान आई है, दो तीन दिन में वह वापस आ जाएगी। वहीं जब अंजू के पाकिस्तानी प्यार को लेकर सवाल पूछा गया तो उसने इस बात की जानकारी होने से इनकार कर दिया।

पति अरविंद ने यह भी बताया है कि अंजू का पहले से पासपोर्ट बना हुआ है, क्योंकि वह विदेश में नौकरी करना चाहती थी। अब वह पाकिस्तान कब और कैसे चली गई, इसके बारे में जानकारी नहीं है क्योंकि वह जयपुर घूमने की बात कहकर घर से निकली थी। पाकिस्तान में अंजू को हिरासत में भी लिया गया और फिर सारे दस्तावेज ठीक पाए जाने के बाद उसे रिहा कर दिया गया। इतना ही नहीं खबरों की मानें तो अंजू को सुरक्षा भी दी गई है।

अंजू मध्य प्रदेश में गुना जिले की रहने वाली है और पति अरविंद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी हैं। अरविंद भिवाड़ी में काम करता है और अंजू भी एक निजी फर्म में बायोडाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। दोनों की एक 15 साल की लड़की और छह साल का बेटा है। अंजू के पाकिस्तान पहुंचने की खबर सुनकर हर कोई हैरानी जता रहा है। पाकिस्तान से भारत आई सीमा के बाद अब भारत से पाकिस्तान गई अंजू का मामला सुर्खियां बटोर रहा है।