राफेल लड़ाकू विमान डील मामले में एक फ्रेंच मैगजीन ने दावा किया है कि सीबीआई और ईडी को बिचौलिये के घूस लेने की जानकारी थी। देश की राजनीति इस विषय पर इन दिनों बेहद गर्म हो गई है। राफेल डील मामले पर आज तक न्यूज़ चैनल द्वारा आयोजित एक डिबेट में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
खेड़ा ने कहा, यूपीए सरकार 526 करोड़ में ट्रांसफर आफ टेक्नोलॉजी के साथ सौदा कर रही थी। भाजपा ने 1670 करोड़ में डील पूरी की, लेकिन टेक्नोलॉजी को छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि ईडी ने डील और घूस को अलग अलग मामला बताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनुमति न मिलने की वजह से अब तक इस पर जांच शुरू नहीं की गई है।
खेड़ा ने दावा किया कि फ्रेंच मैगजीन ने यह भी लिखा है कि अमित शाह से अच्छे संबंध के चलते ही दसां एविएशन ने शुषेण गुप्ता की सेवाएं ली थीं। भाजपा को घेरते हुए खेड़ा ने कहा कि भाजपा सुबह से शाम तक केवल कांग्रेस को कोसती है। जबकि असलियत यह है कि बीजेपी सरकार सबसे ज्यादा भ्रष्ट है।
बीजेपी ने देश में ही बना दिया पाकिस्तान, लाइव शो में बोले फिरदौस ताक, संबित पात्रा ने दिया जवाब
खेड़ा के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पूछा कि क्या 2012 से 2017 के बीच अमित शाह देश के गृहमंत्री थे? क्या सोनिया गांधी ने अमित शाह से चर्चा करने के बाद शुषेण गुप्ता को रखा था?
पात्रा ने कहा कि अब मूर्ख बनाने का समय नही रह गया है। अगर 500 करोड़ रुपए में लड़ाकू जहाज आ रहा था तो सौदा इतने सालों तक क्यों लटका रहा। तत्कालीन रक्षामंत्री एके एंटनी ने क्यों कहा था कि हमारे पास राफेल खरीदने के पैसे नहीं हैं।