हाल ही में राहुल गांधी हरियाणा के किसानों से मिलने पहुंचे थे, जहां वह धान के खेत में ट्रैक्टर चलाते हुए भी नजर आए थे। राहुल गांधी के किसानों से मिलने, ट्रैक्टर चलाने और ग्रामीण महिलाओं से बातचीत के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। महिलाओं से बातचीत करने के दौरान राहुल गांधी ने उनकी बात प्रियंका गांधी से करवाई थी, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

राहुल गांधी से महिला ने कहा- अपना घर भी दिखाओ

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि राहुल गांधी कई ग्रामीण महिलाओं के बीच में बैठे हुए हैं और बात कर रहे हैं। एक महिला राहुल गांधी से कहती है कि हमें भी दिल्ली दिखा दो, अपना घर भी दिखा दो। इस पर राहुल गांधी कहते हैं कि आ जाओ लेकिन मेरा तो घर है ही नहीं, सरकार ने मेरा घर ले लिया है।

प्रियंका गांधी ने महिलाओं को लंच पर बुलाया

इसके बाद राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को फोन लगाया। फोन लगाकर राहुल गांधी ने मोबाइल एक महिला को दिया। महिला ने प्रियंका से बातचीत की। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रियंका से कहा कि ये सभी महिलाओं आपके घर आकर खाना खाना चाहती हैं। इस पर प्रियंका गांधी ने सभी को बुला लिया।

महिलाओं ने जवाब में कहा कि हमारे खेत का काम खत्म होते ही हम आ जायेंगे। प्रियंका गांधी ने खुद खाना लेकर महिलाओं के गांव में आने की बात कही तो सभी ने इनकार करते हुए कहा कि हम खाना खाने खुद दिल्ली आयेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि आप लोगों ने दिल्ली नहीं देखी है तो आपको दिल्ली दिखाना ही पड़ेगा।

बता दें कि 14 जुलाई को हरियाणा की ये महिलाएं कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलने प्रियंका गांधी के आवास पर पहुंची थीं। ये महिलाएं सोनीपत की रहने वाली हैं। महिलाओं ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ खाना खाया, डांस किया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया।