Former Prime Minister Manmohan Singh: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। उन्होंने 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। निधन की खबर सुनते ही नेता से लेकर आमजन भावुक होकर पोस्ट कर रहे हैं। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को लोग कितना प्रेम करते हैं इस बात का अंदाजा आप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई पोस्ट से लगा सकते हैं। एक ऐसे नेता जिन्हें लोग उनकी सादगी के लिए याद कर रहे हैं। क्या पक्ष क्या विपक्ष, सभी लोगों के मन में उनके लिए अपार प्रेम और सम्मान है।
देश के बड़े-बड़े नेता उन्हें याद कर भावुक हो रहे हैं वहीं आमजन उनकी कविताएं और उनकी सादगी भरी तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर देश का आम नागरिक इस वक्त शोक में डूबा हुआ है।
पीएम मोदी ने जताया शोक
पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वह भारत के सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक थे और उन्होंने देश की आर्थिक नीति पर गहरी छाप छोड़ी। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोकाकुल है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री समेत विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।’’ मोदी ने कहा, ‘‘जब डॉ. मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तब मेरे और उनके बीच नियमित बातचीत होती थी। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करते रहते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता सदैव झलकती रहती थी।’’
प्रियंका गांधी ने ऐसे किया याद
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह विरोधियों द्वारा अनुचित और व्यक्तिगत हमलों के बावजूद देश की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ रहे। मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 92 साल के थे। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सरदार मनमोहन सिंह जी की तरह कम ही लोग राजनीति में प्रेरित करते हैं। उनकी ईमानदारी हमारे लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी और वह हमेशा उन लोगों के बीच खड़े रहेंगे जो वास्तव में इस देश से प्यार करते हैं, एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो अपने विरोधियों द्वारा अनुचित और गहरे व्यक्तिगत हमलों के बावजूद देश की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ रहे।’’ उनका कहना था, ‘‘वह अंत तक वास्तव में समतावादी, विवेकवान, दृढ़ इच्छाशक्ति वाले और साहसी रहे। वह राजनीति की कठिन दुनिया में अद्वितीय प्रतिष्ठित और सज्जन व्यक्ति थे।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक जताया और कहा कि निश्चित तौर पर इतिहास दयालुता के साथ उनका मूल्यांकन करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, बेदाग नेता और अद्वितीय अर्थशास्त्री खो दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘आर्थिक उदारीकरण और अधिकार-आधारित उनकी नीति ने करोड़ों भारतीय नागरिकों के जीवन को गहराई से बदल दिया, वस्तुतः भारत में एक मध्यम वर्ग का निर्माण किया और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।’’
खरगे ने आगे कहा, ‘‘मैं एक वरिष्ठ सहकर्मी, एक सौम्य बुद्धिजीवी और एक विनम्र व्यक्ति के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं, जिन्होंने भारत की आकांक्षाओं को मूर्त रूप दिया, जो अटूट समर्पण के साथ आगे बढ़े।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘शब्दों के बजाय काम करने वाले व्यक्ति, राष्ट्र निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा भारतीय इतिहास में अंकित रहेगा। दुख की इस घड़ी में, मैं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्हें इस भारी नुकसान से उबरने की शक्ति मिले।’’उनका कहना था कि भारत के विकास, कल्याण और समावेशिता की नीतियों को आगे बढ़ाने की उनकी स्थायी विरासत को हमेशा संजोकर रखा जाएगा। खरगे ने कहा, ‘‘उनकी आत्मा को शांति मिले।
कांग्रेस ने किए सभी कार्यक्रम रद्द
इसके साथ ही कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा , “यह बहुत दुखद है। वह एक महान प्रधान मंत्री थे जिन्होंने देश की सेवा की। हम अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं और दिल्ली वापस जा रहे हैं…। “
राहुल गांधी ने किया भावुक पोस्ट
इसके अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर बृहस्पतिवार को दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने आज अपना एक संरक्षक और मार्गदर्शक खो दिया है। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने एक संरक्षक और मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।’
देखें कुछ एक्स पर किए गए पोस्ट-