मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग चल रही है। हालांकि दोनों पार्टी के नेता अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं पर आक्रोश व्यक्त करते दिखाई दे रहे हैं। पिछले दिनों गुना से भाजपा सांसद ने सिंधिया पर जमकर हमला बोला तो कांग्रेस के तमाम नेताओं ने सिंधिया की खिंचाई की थी। अब कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता को मंच से फटकार लगाते हुए दिखाई दिए तो सिंधिया ने भी इस पर तंज कसा है।
कार्यकर्ता पर भड़के दिग्विजय सिंह
चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह कर रहे हैं, लेकिन जब बुरहानपुर पहुंचे तो एक मुस्लिम नेता को उन्होंने मंच से नीचे उतरने को कहा। इससे नाराज मुस्लिम नेता ने मंच से तो उतरे ही, साथ ही कार्यक्रम स्थल से भी चले गए। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि जिस नेता पर दिग्विजय सिंह भड़के वह बुरहानपुर कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा का ग्रामीण अध्यक्ष है।
केंद्रीय मंत्री ने कसा तंज
दिग्विजय सिंह का यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस पर तंज कसा है। सिंधिया ने ट्वीट किया, “अपनी पार्टी के ही नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ षडयंत्रकारी तरीक़े से पेश आने व दुर्व्यवहार करने की दिग्विजय सिंह जी की पुरानी आदत रही है। उन्हें लगता है सभी उनके इशारे पर रिमोट की तरह काम करेंगे। राजासाहेब दिग्विजय जी, अहंकार त्यागें, लोगों को अपनाना और सम्मान देना सीखें।”
अन्य लोगों की प्रतिक्रियाएं
ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस ट्वीट पर दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने कहा, “आपके सीख के लिए धन्यवाद महाराज!” संतोष नाम के यूजर ने लिखा कि उम्मीद है महाराज की दी हुई शिक्षा का राजा साहेब अनुसरण करेंगे। एक अन्य यूजर ने लिखा, “जो भी कहो दिग्विजय साहब, कैमरे के सामने आपका व्यवहार अच्छा नहीं था। आप प्यार से भी तो बोल सकते थे? ऐसे सबके सामने अपना अपमान कौन बर्दाश्त करेगा? उस यूथ लीडर से माफी मांगना ही एक मात्र उचित न्याय है।
विनोद वर्मा नाम एक यूजर ने लिखा कि अनुशासनहीनता करने वाले कार्यकर्ताओं को सीख देना जरूरी है। इसमें कैसा अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक। मर्यादा और अनुशासन कांग्रेस में सबके लिए आवश्यक है। अशोक नाम के यूजर ने लिखा, “सिंधिया जी केपी यादव तो भरपूर सम्मान दे रहें है ना आपको बीजेपी में!” शिवम नाम के यूजर ने लिखा कि कार्यकर्ता पार्टी की नीव हैं, दिग्विजय सिंह जी वही नीव को कमज़ोर करने पर तुले हुए हैं।