राजस्थान में विधानसभा चुनाव के चलते नेताओं की गतिविधि पर सबकी नजर बनी हुई है। राजस्थान के बेंगू से विधायक राजेंद्र सिंह बिधुड़ी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक किसान की पगड़ी पर लात मारते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, विधायक तेज आवाज में किसान पर चिल्लाते भी दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह बिधुड़ी से मिलने एक किसान पहुंचा था। विधायक को सामने देख किसान ने पहले हाथ जोड़ा और फिर अपनी पगड़ी निकालकर विधायक के पैरों के पास रख दिया और बैठ गया। इसके बाद तो मानो विधायक राजेंद्र सिंह बिधुड़ी का पारा चढ़ गया। उन्होंने किसान की पगड़ी को लात मार दिया और किसान पर चिल्लाने लगे। किसान एक कागज़ निकालकर विधायक को दिखाता है। हालांकि विधायक उसकी बात सुनने के बाद वहां से जाते दिखाई दिए।

किसान बोला- हमें न्याय चाहिए, हमारा अपमान हुआ है

मिली जानकारी के मुताबिक, किसान अपने बेटे के लिए विधायक के पास नौकरी मांगने गया था। हालांकि उन्होंने किसान का अपमान कर दिया। बताया जा रहा है कि वीडियो पुराना है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं किसान का कहना है, ‘हमें न्याय चाहिए, हमारी बहुत बदनामी हुई है।’ वीडियो देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये किसी होटल का है, जहां विधायक के साथ 3-5 लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं।

कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह बिधुड़ी ने वीडियो जारी कर सफाई दी है।

वीडियो वायरल होने पर घिरे विधायक

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग अब विधायक के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं तो वहीं बीजेपी नेताओं तीखा हमला बोला है। राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर ने लिखा, ‘राजस्थान में पगड़ी को आन-बान-शान और सम्मान माना जाता है। यह हमारी संस्कृति और परंपरा है, जिससे हर प्रदेशवासी जुड़ा हुआ है। अपने पैरों से बुजुर्ग की पगड़ी उछालते हुए बेगूं से विधायक और कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह बिधूड़ी का वीडियो भले ही पुराना हो पर ऐसा अमानवीय व्यवहार अक्षम्य है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। यह वीडियो जनता के सम्मान के प्रति कांग्रेस की मानसिकता और राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ की असलियत को दर्शाता है।’

आशीष अग्रवाल ने लिखा, ‘एक किसान जब गुहार लगाने गया तो कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी ने किसान की पगड़ी को लात मारकर उछाल दिया। किसानों का हितैषी बनने वाले कांग्रेसियों को चुल्लू भर पानी में डूब जाना चाहिए। कांग्रेस याद रखे, यह केवल एक किसान की पगड़ी पर लात नहीं बल्कि अन्नदाता किसानों के स्वाभिमान पर लात मारी है! जिसका जवाब प्रत्येक किसान कांग्रेस को देगा।’ रविराज गुर्जर ने लिखा, ‘यह हमारे विधानसभा के विधायक राजेंद्र सिंह बिधूडी हैं। इनको इस बार हमारे टिकट देना मतलब पार्टी को भारी नुकसान पहुंचाना होगा, इसी तरह के कांड हर दिन होते रहते हैं।’

बता दें कि वीडियो भले ही पुराना हो लेकिन विधायक राजेंद्र सिंह बिधुड़ी अक्सर विवादों में रहते हैं। इससे पहले उनका एक पुलिसकर्मी को गाली देने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिसकर्मी ने विधायक के खिलाफ मामला ही दर्ज करवाया था। हालांकि विधानसभा चुनाव से अहम् पहले कांग्रेस का विधायक का यह वीडियो वायरल है, इस पर जमकर राजनीति हो रही है।