एक तरफ कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करने जा रही है तो दूसरी तरफ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता नाराज नजर आ रहे हैं। हाल ही गुलाम नबी आजाद ने पार्टी छोड़ दी। गुलाम नबी का पार्टी छोड़ना कांग्रेस के लिए एक बड़ी क्षति मानी गई। इसी बीच अब कांग्रेस नेता राज बब्बर ने मोदी सरकार की तारीफ की है।
राज बब्बर ने किया ट्वीट
राज बब्बर ने ट्वीट किया, ‘पीएम जन धन योजना PMJDY ने 8 साल पूरे कर लिए। लोगों तक पैसा और मदद सीधे बिना किसी के दखल के पहुंचे ये क्रांति है। आधी से ज़्यादा अकाउंट धारक महिलाएं हैं। ऐसी योजना ‘आपका पैसा आपके हाथ’ के नाम पर मनमोहन सरकार में भी शुरू हुई थी। मौजूदा सरकार ने कार्यान्वयन यकीनन बेहतर किया।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
अभिषेक शर्मा नाम के यूजर ने लिखा कि सबको भाजपा पर बहुत प्रेम आ रहा है, आप कब जा रहे हैं सर जी। पंकज पराशर नाम के यूजर ने लिखा कि BJP में आ रहे हैं क्या? लगता है अपने गृह जनपद फिरोजाबाद सीट से लड़ने वाले हो। जीत भी जाएंगे यदि बीजेपी से चुनाव लड़ते हो। एक यूजर ने लिखा कि बब्बर जी ने कांग्रेस के लिए बहुत मेहनत की लेकिन उसका कोई और फल नहीं मिला, सही व्यक्ति गलत जगह पर है।
इकबाल नाम के यूजर ने लिखा कि आपका सत्य भी कुछ परेशान सा नजर आता है बब्बर बाबू? राघवेंद्र दुबे नाम के यूजर ने लिखा कि तैयारी जारी है, अब भाजपा की बारी है। वरुण मिश्रा नाम के यूजर ने लिखा कि एक समयांतराल के बाद यकीनन आपको सारी योजनाएं अच्छी लगने लगेगी, सत्य सिर्फ परेशान होता हैं पराजित नहीं। भगवान आपको सत्य का रास्ता दिखाएं।
कैलाश द्विवेदी नाम के यूजर ने लिखा कि मनमोहन सिंह के समय में गरीब का खाता ही नहीं खोलते थे बैंक के कर्मचारी। कुमार राज नाम के यूजर ने लिखा कि अब ये (राज बब्बर) पवित्र गंगा में डुबकी लगाने की तैयारी में हैं। अंजली अरोरा नाम की यूजर ने लिखा कि कांग्रेस के कुछ नेता तो इतने सच्चे सिपाही हैं कि बेचारे बगैर सत्ता के ज्यादा दिन तक दूर नहीं रह सकते। अब एक ट्विटर हैंडल बहुत जल्दी नागपुर के आर एस एस के कार्यालय में प्रवेश करेगा।
बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। 2 सितंबर को महाराष्ट्र के दो बार के मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक अशोक चव्हाण ने भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। बीते कुछ दिनों में दोनों नेता कई बार मिल चुके हैं। कयास लगाए जाने लगे हैं कि महाराष्ट्र में अशोक चव्हाण कांग्रेस को बड़ा झटका दे सकते हैं।