मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो शेयर किया तो मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) ने उन पर तंज कसा। दरअसल, दिग्विजय सिंह तेलंगाना में भैंसे के साथ डांस करते दिखाई दिए। जिस पर तंज कसते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वह किसी के साथ भी डांस कर सकते हैं।

दिग्विजय सिंह का वीडियो वायरल

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का भैंसे के साथ डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल से शेयर कर दिग्विजय सिंह ने लिखा, ‘ तेलंगाना में गोवर्धन पूजा के अवसर पर जो पशुओं की पूजा होती है, इसे ‘सदर’ कहते हैं। जो भैंसा होता है, उसकी कीमत 3 से 4 करोड़ तक होती है। राहुल जी के स्वागत में भूतपूर्व सांसद रंजन यादव जी ने भारत जोड़ो यात्रा में यह आयोजित किया था।’

नरोत्तम मिश्रा ने यूं कसा तंज

एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से दिग्विजय सिंह के वायरल वीडियो पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने फिटनेस का दौर चला दिया है इसलिए दिग्विजय सिंह जी को भी तो अपनी फिटनेस दिखानी पड़ेगी। दिग्विजय सिंह बुजुर्ग नेता हैं, वह किसी के साथ भी डांस कर सकते हैं। ऐसी में भैंसा क्या चीज है।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

दिग्विजय सिंह द्वारा शेयर किए गए वीडियो पर कुछ लोग चुटकी लेते हुए कई तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं तो वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट किया है कि इस उम्र में भी अभूतपूर्व जोश है। कुछ लोगों ने लिखा है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारत की संस्कृति से लोग रूबरू हो रहे हैं। आशीष प्रताप सिंह नाम के एक टि्वटर यूजर्स कमेंट करते हैं कि राजा साहब का उत्साह अलग दिखाई दे रहा है, ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस की जमीन बनने नहीं लगी। दिनेश नाम के एक यूजर ने लिखा – राजनीति क्या नहीं करवाती।

एमपी पहुंचेगी ‘भारत जोड़ो यात्रा’

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 20 नवंबर को मध्य प्रदेश पहुंचेगी। 21 नवंबर को बुरहानपुर से होते हुए राहुल गांधी नर्मदा पूजन करने के बाद 24 नवंबर को इंदौर पहुंचेंगे। ऐसे में मध्य प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए जुटे हुए हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सौंप दी गई है।