नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा आजादी के 75 साल को लेकर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की गई है। जिस पर सियासी पारा बढ़ गया है, बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित कई कांग्रेस नेताओं ने इसको लेकर बीजेपी पर हमला बोला है। इसी विषय पर कांग्रेस प्रवक्ता आचार्य प्रमोद ने ट्वीट किया तो लोग कई तरह की प्रतिक्रिया देने लगे।
आचार्य प्रमोद ने किया ऐसा ट्वीट
आचार्य प्रमोद ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘तिरंगा फहराना बड़े गर्व का विषय है लेकिन भाजपाइयों के द्वारा फहराना उससे भी ज्यादा गौरव का विषय है।’ आचार्य प्रमोद द्वारा किए गए इस ट्वीट पर कुछ लोगों ने उनकी बातों का समर्थन किया है तो वहीं कुछ लोगों ने तंज कसा है। इसके साथ ही कुछ लोगों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी सवाल उठाए हैं।
लोगों के रिएक्शन
प्राची सिंह नाम की एक ट्विटर यूजर कमेंट करती हैं कि अरे आपने नेहरू वाली डीपी क्यों नहीं लगाई है, जल्दी लगा लीजिए नहीं तो आप के मालिक खफा हो जाएंगे। अभिनव त्रिपाठी नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, ‘ भाजपा द्वारा तिरंगा फहराना बिल्कुल गौरव का विषय है लेकिन आप जैसे कांग्रेसियों की मजबूरी सिर्फ एक परिवार की गुलामी करना है।’ सैफुद्दीन नाम के ट्विटर यूजर द्वारा सवाल किया गया – अरे आपने प्रोफाइल पिक्चर क्यों नहीं बदला, नेहरू जी को नहीं मानते हैं क्या?
महेंद्र नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘हमारे लिए तो तिरंगा फहराना गर्व की बात है लेकिन बीजेपी वालों ने अभी तक RSS से डीपी में तिरंगा लगाने को क्यों नहीं कहा? क्या यह तिरंगे का अपमान नहीं है?’ अमन नाम के ट्विटर यूजर द्वारा कमेंट किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार-बार कहा है कि राजनीति से ऊपर राष्ट्रनीति है। हर में तिरंगा अभियान किसी पार्टी का नहीं बल्कि संपूर्ण राष्ट्र का अभियान है।
राहुल गांधी ने भी भाजपा पर किया कटाक्ष
‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा, ‘ जिस तिरंगे के लिए हमारे देश के कई लोग शहीद हुए, उस तिरंगे को एक संगठन ने अपनाने से मना कर दिया। 52 सालों तक नागपुर में अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, लगातार तिरंगे को अपमानित किया गया और आज उसी संगठन से निकले हुए लोग तिरंगे का इतिहास बता रहे हैं, तिरंगा अभियान की योजना बता रहे हैं।’
