मानगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और पीएम मोदी के बीच बातचीत हुई। सभा को संबोधित करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की और कहा कि पीएम जब भी दूसरे देशों में जाते हैं, तो उन्हें सम्मान मिलता है। अशोक गहलोत के इस बयान की खूब चर्चा हो रही है।

पीएम मोदी को लेकर क्या बोले अशोक गहलोत?

अशोक गहलोत ने कहा कि विदेश में पीएम मोदी को खूब सम्मान मिलता है। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि पीएम को यह सम्मान इसलिए मिलता है, क्योंकि वह जिस देश के प्रधानमंत्री हैं, वह महात्मा गांधी का देश है। वह देश, जहां लोकतंत्र की जड़े मजबूत और गहरी हैं। 70 साल के बाद भी जहां लोकतंत्र जिंदा है। गहलोत ने कहा कि दूसरे देशों में लोग सोचकर गर्व करते हैं कि ऐसे देश के प्रधानमंत्री हमारे मुल्क में आ रहे हैं।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

अशोक गहलोत के इस बयान पर लोग सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। @SimplyAshokKr यूजर ने लिखा कि गजब, शब्दों की क्या जादूगरी दिखाई है गहलोत जी ने। तारीफ सुनकर भी मोदीजी सकते में आ गए! @SurendarNawal यूजर ने लिखा कि यह राजनीतिक अनुभव होता है कि राज्य में सत्ताधारी दल और केंद्र में विपक्षी दल का नेता केंद्र सरकार के प्रधान को मर्यादा में रहते हुए मर्यादित भाषा में आईना दिखा दे। इसलिए राजनीति में युवा शक्ति के साथ अनुभव आवश्यक है।

@CoffeeWalaa यूजर ने लिखा कि मनमोहन सिंह को क्यों नहीं मिलता था क्योंकि वो नेहरू के देश से आते थे? @PranavS_21 यूजर ने लिखा कि गहलोत साहब ने पूरी भाजपा टीम और ख़ुद प्रधानमंत्री के सामने कमाल कर दिया, “प्रधानमंत्री जी को विदेश में सम्मान मिलता है क्योंकि वो गांधी के देश से आते हैं”। अभिनव सिन्हा ने लिखा कि गहलोत जी ने ‘गांधी’ के देश पर विशेष जोर दिया। क्या ये बस बापू की ही बात कर रहे हैं या फिर दोनों बात कह गए?

बता दें कि मंच से अशोक गहलोत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेवाड़ की धरती का अपना इतिहास रहा है। मानगढ़ धाम ने जो इतिहास रचा है, वह स्वर्णिम अक्षरों में लिखा है। आदिवासियों ने स्वतंत्रता के लिए बहुत संघर्ष किया। गौरतलब है कि राजस्थान के मानगढ़ धाम में ‘मानगढ़ गौरव गाथा कार्यक्रम’ आयोजित किया गया था, जहां मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान के सीएम के साथ प्रधानमंत्री मोदी भी शमिल हुए थे।