राजस्थान कांग्रेस में मचे घमासान के बीच असम कांग्रेस का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो रही है। बताया जा रहा है कि विवाद उस वक्त हुआ जब भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक हो रही थी। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में बहस हो गई, जिसका वीडियो सामने आया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई झड़प
मामला असम के धुबरी जिले के राजीव भवन का है, जहां एक नवंबर को शुरू होने वाली भारत जोड़ो यात्रा के संबंध में रखी गई कांंग्रेस की बैठक में चर्चा शुरू होते ही दो गुटों के बीच बहस हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, बैठक के दौरान एक गुट ने जिलाध्यक्ष पर कुछ आरोप लगाए, इसके बाद नारेबाजी शुरू हुई। पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने बयानबाजी का विरोध किया तो ये स्थिति पैदा हो गई।
राजस्थान कांग्रेस में मचे बवाल के बीच सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए @Ajaysharma2280 यूजर ने लिखा कि कांग्रेस जोड़ो यात्रा कर लेते तो भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत नहीं होती। एक यूजर ने लिखा कि ये लोग खुद मिलकर कांग्रेस को तोड़ने पर तुले हुए हैं। @aggarwal_tarush यूजर ने लिखा कि कांग्रेस को इस वक्त कांग्रेस जोड़ो अभियान शुरू करने की सख्त जरूरत है।
भारत जोड़ो यात्रा पर राहुल गांधी
गौरतलब है कि राहुल गांधी कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं, इन दिनों वह केरल में हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 150 दिनों में पूरी होगी और इस दौरान 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यह यात्रा देश के सभी राज्यों से होकर नहीं जाएगी, जिन राज्यों से यह यात्रा नहीं जाएगी उन राज्यों में पद यात्रा निकालने की तैयारी है। जिसमें प्रदेश के नेता शामिल होंगे। 1 नवंबर से असम में 800 किलोमीटर पद यात्रा निकालने की तैयारी चल रही है।
वहीं राजस्थान कांग्रेस में मचे बवाल के बीच राहुल गांधी पदयात्रा में लगे हुए हैं। कभी वह बच्चों के साथ फुटबॉल खेल रहे हैं तो कभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया के जरिये राहुल गांधी मोदी सरकार पर हर मुद्दे पर हमले भी कर रहे हैं।