दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘हर हाथ तिरंगा’ अभियान कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सीएम केजरीवाल 14 की शाम को इस कार्यक्रम में शामिल हुए और कहा कि मेरा मकसद भारत को दुनिया में नंबर वन देश बनाना है। केजरीवाल ने कहा कि पूरा देश इस वक्त देशभक्ति में डूबा हुआ है। ये समय उन शहीदों को याद करने का है जिनकी शहादत की वजह से हम लोगों को आजादी मिली। दिल्ली में हमने 500 तिरंगे लगाए हैं। पूरे देश में सबसे ऊंचे तिरंगे दिल्ली में हैं। हालांकि भाजपा के नेताओं ने सीएम केजरीवाल के इस कार्यक्रम का वीडियो शेयर कर तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाकर हमला बोला है।

केजरीवाल पर भड़के भाजपा सांसद

दिल्ली भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने केजरीवाल का वीडियो शेयर किया है, जिसमें केजरीवाल हाथ तिरंगा पकड़े हुए हैं लेकिन उनका ध्यान कहीं और है और तिरंगा नीचे की तरफ झुका हुआ है। इस वीडियो को शेयर कर सांसद ने लिखा कि तालकटोरा स्टेडियम में केजरीवाल ने देश के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को जमीन पर नहीं घसीटा है बल्कि तिरंगा विरोधी अपनी मानसिकता का खुलेआम प्रदर्शन किया है। अब बंद भी करो केजरीवाल ये नाटक, ये दिखावा।

तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी कसा तंज

इस पर भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी तंज कसा है। बग्गा ने लिखा कि जिस तिरंगे के लिए लाखों क्रांतिकारियों ने अपनी शहादत दे दी, भारतीय सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने वाले घटिया आदमी ने उसी तिरंगे का अपमान किया, जो व्यक्ति IRS रहा हो उससे गलती नहीं हो सकती, ये ज़रूर अपने विदेशी आकाओं को खुश करने का प्रयास है। 

लोगों की प्रतिक्रियाएं

गंगा सिंह रावत नाम के यूजर ने लिखा प्रवेश साहिब सिंह को जवाब देते हुए लिखा है कि ये भी कोई बात है, कोई मुद्दा नहीं है क्या? जो केजरीवाल की छोटी मोटी बातों को नोट कर रहे हो, सांसद की गरिमा खराब कर रहे हो, सांसद बन गये हो लेकिन अभी तक मैच्योरिटी नही आई है। नेहा सैनी नाम की यूजर ने लिखा कि ये अपने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के लिए इतना लापरवाह हैं तो दिल्ली वालों के लिए लापरवाही का आलम तो बयां भी नहीं कर सकते।

मनीष नाम के यूजर ने लिखा, ‘केजरीवाल जी ये भारत का झंडा हैं, झाड़ू नहीं। इसकी इज्जत नहीं कर पा रहे हैं ठीक से तो भारत और भारत के लोगों की इज्जत क्या करोगे?’ ओम प्रकाश पाठक नाम के यूजर ने लिखा कि वो क्या है कि तिरंगा को ऊपर रखते तो इनका चेहरा ढक जाता, फिर अपने रेवड़ी का कैसे प्रचार करते। तिरंगे से ज्यादा इस आदमी को चुनाव की फिक्र है।

बता दें कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा, ‘जर्मनी द्वितीय विश्व युद्ध में तबाह हो गया था। आज वो हमसे आगे निकल गया। भारत पीछे क्यों रह गया? हमारे पास सर्वश्रेष्ठ शिक्षक, डॉक्टर, वैज्ञानिक हैं।’ इसी कार्यक्रम के दौरान सीएम केजरीवाल के तिरंगा लिए वीडियो को शेयर कर भाजपा नेताओं ने हमला बोला है!