नई दिल्ली के जहांगीरपुरी में हिंसा के बाद अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद से ही विपक्षी दल नरेंद्र मोदी सरकार और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साध रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर फिल्म अभिनेता अनुपम खेर का एक ट्वीट को वायरल हो रहा है। इस ट्वीट में अनुपम खेर ने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के घर बुलडोजर चलाए जाने पर आपत्ति जताई थी।
अनुपम खेर का यह ट्वीट हो रहा है वायरल : फिल्म अभिनेता द्वारा कंगना रनौत के मुंबई स्थित घर पर बुलडोजर चलाए जाने पर आपत्ति जताते हुए ट्वीट किया था, ‘ गलत गलत गलत। इसको बुलडोजर नहीं #Bullydozer कहते हैं। किसी का घरौंदा इस बेरहमी से तोड़ना बिल्कुल गलत है। इसका सबसे बड़ा प्रभाव या प्रहार कंगना के घर पर नहीं बल्कि मुंबई की जमीन और जमीर पर हुआ है। अफसोस अफसोस अफसोस है।
कांग्रेस नेता ने साधा निशाना : अनुपम खेर के इस वायरल ट्वीट पर कांग्रेस नेता श्रीनिवास ने कमेंट किया कि अब सही सही सही है? चुप क्यों हो अनुपम खेर जी? जमीन पर हमला हुआ है या जमीर पर? कांग्रेस नेता के अलावा आम सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अनुपम खेर के ट्वीट पर दिल्ली में चले बुलडोजर की फोटो शेयर करते हुए कई तरह के सवाल पूछे हैं।
लोगों के रिएक्शन : आरती नाम की एक यूजर लिखती हैं कि अनुपम खेर जी आप अपना यह ट्वीट एक बार जरूर पढ़िए, करोड़ों कमाने वाली कंगना का नहीं बल्कि सिर्फ रोटी खाने के लिए कमाई करने वाले लोगों का मकान तोड़ा गया है। ललित नाम के एक यूजर ने कमेंट किया – आपका यह वीडियो देख कर तो मैं बिल्कुल अचंभा रह गया, खैर बाद में देखा किया बहुत पहले का ट्वीट है।
कंगना रनौत के मुंबई स्थित घर पर चला था बुलडोजर : फिल्म एक्ट्रेस कंगना रनौत का 9 सितंबर 2020 को मुंबई के बांद्रा वेस्ट के पाली हिल रोड पर स्थित उनके दफ्तर के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया था। इस बीच कंगना ने उधर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि मेरे घर में कोई अवैध निर्माण नहीं है। बॉलीवुड अब देख सकता है कि फासीवाद क्या होता है।