उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के बीच गठबंधन हुआ है। इन दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व जयंत चौधरी जमकर चुनावी दौरे कर रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सपा और आरएलडी के कार्यकर्ता आपस में ही धक्का-मुक्की कर रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए बीजेपी ने तंज कसा है।

उत्तर प्रदेश बीजेपी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस वीडियो को शेयर किया गया है। इस वीडियो में सपा के कार्यकर्ता दो नेताओं को समझाते हुए माइक पर ऐलान कर रहे हैं, “आप सभी से निवेदन कर रहा हूं कि आप अपना स्थान ग्रहण करें। साथियों बैठ जाइए… साथियों मैं आपसे विनम्र…।” इसी बीच समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगती है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए बीजेपी यूपी ने लिखा, ” हार के डर से गले तो मिल लिए, मगर मन नहीं मिला। बेमेल के SP – RLD गठबंधन की हवा जमीन पर सफाई गुंडे ही निकाल रहे। लाल टोपी वाली पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरएलडी वालों को पीट दिया। सपा मतलब गुंडा गर्दी।” इस वीडियो पर आम ट्विटर यूजर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

रूपल त्यागी नाम के यूजर ने हंसने वाली इमोजी के साथ लिखा कि ऐसे आएंगे अखिलेश? अभिषेक त्रिपाठी नाम के एक यूजर समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए लिखते हैं, ” पूरी लगन से भाजपा को हराने हेतु गठबंधन करते समाजवादी और आरएलडी पार्टी के कार्यकर्ता।” अनुराग सिंह नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि हरे कपड़े वाले लाल टोपी वालों से भिड़ गए हैं।

बता दें कि राष्ट्रीय लोक दल से गठबंधन के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव का दावा है कि उनकी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के करीब आते ही इस तरह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। हाल में ही यूपी के आगरा से एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें कांग्रेस का कार्यकर्ता एक दूसरे से ही मारपीट करते नजर आ रहे थे।