उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा समाजवादी पार्टी के भोजपुरा विधायक शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप पर बुलडोजर चलाया गया तो अखिलेश यादव के सहयोगी दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य (Keshav Dev Maurya) ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार (Yogi Adityanath Government) पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि योगी की टाइमिंग बहुत सही है।

दरअसल, केशव देव मौर्य एक निजी समाचार चैनल से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सपा एमएलए के पेट्रोल पंप पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार की नजर में बृजेश सिंह, धनंजय सिंह, सुधीर सिंह और धीरेंद्र सिंह संत में हैं। ये लोग कोई माफिया नहीं है इसलिए इनका घर टूटना नहीं है।

केशव देव मौर्य ने शहजिल इस्लाम द्वारा योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी के विषय पर उन्होंने कहा कि इसका खंडन मैंने पहले भी किया था। लोकतंत्र में गोली चलाने की बात नहीं करनी चाहिए, विपक्ष में आपको जगह मिली है। आप अखिलेश यादव के नेतृत्व में सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़िये। उन्होंने आगे सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि लेकिन इनकी टाइमिंग बहुत अच्छी है।

केशव देव मौर्य आगे कहते हैं कि देहात में बना पेट्रोल पंप पहले अवैध नहीं था लेकिन अब उन्होंने सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर दी तो पेट्रोल पंप अवैध मान लिया गया। उन्होंने आरएसएस का जिक्र करते हुए कहा कि हम पहले से इस बात को जानते थे कि बीजेपी संविधान को नहीं मानेगी क्योंकि नागपुर के आरएसएस के मुख्यालय पर आज तक भारत का झंडा नहीं लहराया गया है।

केशव देव मौर्य ने कहा कि बीजेपी वाले बदला लेने के लिए इस तरह के काम कर रहे हैं। यह लोग किसी का भी नुकसान कर सकते हैं। उन्होंने ठाकुरों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार में केवल दूसरे जातियों के लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि बुलडोजर की आड़ में यह सब वसूली कर रहे हैं। जानकारी के लिए बता दें कि समाजवादी पार्टी के विधायक द्वारा योगी आदित्यनाथ पर विवादित टिप्पणी की गई थी।