एक 6 साल के बच्चे की समझ कितनी होती है। वह पार्क में अपने बड़े भाई के साथ खेल रहा था। तभी कैंडी दिलाने के बहाने एक महिला ने उसका अपहरण कर लिया। परिजन ने उसे बहुत खोजने की कोशिश की मगर वह नहीं मिला। अब वह बच्चा 70 साल बाद अपने परिवार से मिला है। यह कहानी 6 साल की उम्र में किडनैप होने और 70 साल बाद परिवार से मिलने वाले लुइस अरमांडो अल्बिनो की है। उनकी मां हमेशा कहती रहीं थीं कि मेरा बेटा जिंदा है। मां तो अब इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन उनका यकीन जीत गया है।
परिवार ने कभी खोजना बंद नहीं किया
परिवार के लोगों ने कभी भी हार नहीं मानी और अल्बिनो को खोजते रहे। हर त्योहार में उनकी कमी खलती, परिजन इमोशलन होते फिर इस यकीन के साथ आगे हिम्मत जुटाते कि एक दिन वे अल्बिनो को खोज लेंगे। परिवार ने हर जगह अल्बिनो की तस्वीर लगा रखी थी। वे उनकी यादों के साथ जी रहे थे। पुलिस ने हार मान ली थी क्योंकि 70 साल बीत चुके थे, फाइल बंद की मगर परिवार के लोगों ने खोज जारी रखी।
लुइस अरमांडो अल्बिनो 1951 में अपने बड़े भाई के साथ पार्क में खेल रहे थे जब एक महिला ने कैंडी खरीदने के बहाने उनका अपहरण कर लिया। अल्बिनो की भतीजी ने 2020 में एक ऑनलाइन डीएनए परीक्षण किया, जिसमें एक शख्स के साथ 22% मेल दिखा, जो बाद में उसके चाचा ही निकले।
लुइस अरमांडो एल्बिनो 1951 में 6 साल के थे जब ओकलैंड, कैलिफोर्निया पार्क में खेलते समय उनका अपहरण कर लिया गया था। अब सात दशक से भी अधिक समय के बाद ऑनलाइन डीएनए परीक्षण, पुरानी तस्वीरों और अखबार की कटिंग से अल्बिनो को ढूंढ लिया गया है। यह कहानी किसी हॉलीवुड फिल्म से कम नहीं है।
भतीजी ने लगाया चाचा का पता
बे एरिया न्यूज ग्रुप ने शुक्रवार को बताया कि ओकलैंड में अल्बिनो की भतीजी ने पुलिस, एफबीआई और न्याय विभाग की मदद से अपने चाचा का पता लगा लिया। अल्बिनो के पिता और दादा एक रिटायर फायर फाइटर और मरीन कॉर्प्स हैं। भतीजी 63 साल की एलिडा एलेक्विन के अनुसार, उन्होंने एल्बिनो को ढूंढ लिया और जून में उनके कैलिफ़ोर्निया वाले परिवार से मिला दिया।
21 फरवरी, 1951 को एक महिला ने 6 साल के अल्बिनो को वेस्ट ओकलैंड पार्क से कैंडी देन के बहाने फुसलाया और किडनैप कर लिया। महिला ने अल्बिनो का अपहरण कर लिया और उसे पूर्वी तट पर ले गई। जहां से बच्चे को एक कपल के पास भेजा गया। कपल ने अल्बिनो को अपने बेटे की तरह पाला। अल्बिनो की भतीजी ने कहा कि 70 से अधिक सालों तक अल्बिनो लापता रहे, लेकिन वह हमेशा अपने परिवार को लोगों के दिलों में थे और उनकी कई तस्वीरें रिश्तेदारों के घरों में टंगी रहती थीं।
बेटे के मिलने का इंतजार करते-करते मां ने तोड़ा दम
2005 में उनकी मां की मौत हो गई लेकिन उन्होंने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी कि उनका बेटा जीवित है। ओकलैंड पुलिस ने बताया कि एलेक्विन की कोशिशों के कारण ही उनके चाचा का पता लगाया जा सका। एलेक्विन ने कहा कि चाचा ने “मुझे गले लगाया और कहा, ‘मुझे ढूंढने के लिए धन्यवाद’। पुलिस ने अल्बिनो को खोजने के लिए दिन-रात एक कर दिया।
अल्बिनो के भाई से कई बार पुलिस ने पूछताछ की और उन्होंने हर बार अपना बयान दिया। रोजर अल्बिनो ने बताया था कि एक महिला अपने सिर पर पट्टी बांधकर उसके भाई को ले जा रही थी। एलेक्विनको लगा कि उसके चाचा अभी जिंदा होंगे, इसलिए उन्होंने ऑनलाइन डीएनए टेस्ट में भाग लिया। एक शख्स के साथ उनका डीएनए 22 प्रतिशत मैच किया। हालांकि उस समय कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। 2024 में उन्होंने और उनकी बेटियों ने फिर से खोज शुरू की। वे ओकलैंड पब्लिक लाइब्रेरी गईं और ट्रिब्यून के आर्टिकल देखें। जिसमें लुइस और रोजर की तस्वीरें थीं। इसके बाद वे ओकलैंड पुलिस के पास गईं और फिर डीएनए रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने लापता हुए शख्स को खोज निकाला। यह खबर सुनकर परिवार के लोग रोने लगे।
24 जून को एफबीआई मदद से लुइस अपने परिवार के लोगों के साथ ओकलैंड आए और एलेक्विन, उनकी मां और अन्य रिश्तेदारों से मिले। अगले दिन एलेक्विन अपनी मां और अपने नए चाचा को कैलिफोर्निया के स्टैनिस्लॉस काउंटी में रोजर के घर ले गईं। वे परिवार के लोगों को देखते ही गले से लिपट गए। एलेक्विन ने कहा कि उनके चाचा मीडिया से बात नहीं करना चाहते थे। एलेक्विन ने आगे कहा कि मैं हमेशा उन्हें ढूंढना चाहती थी। किसे पता था कि मेरी कहानी यह मोड़ लेगी।