जल्द व्हाट्सऐप अपने उपयोगकर्ताओं को नए फीचर्स की सुविधा देने जा रहा है। इन फीचर्स के बाद अब उपयोगकर्ता ग्रुप वॉयस कॉल पर अधिक लोगों को जोड़ पाएंगे और बड़ी फाइलों को भी व्हाट्सऐप किसी अन्य उपयोगकर्ता को आसानी से भेज सकेंगे। व्हाट्सऐप ने बृहस्पतिवार को ऐलान कि वह ग्रुप वॉयस कॉल में 32 लोगों को एक साथ जुड़ने और दो गीगाबाइट तक की फाइलों को शेयर करने की सुविधा देगा। इसके अलावा व्हाट्सऐप ने कई और नई सुविधाएं देने की बात भी कही है।
मौजूदा समय में मोबाइल ऐप का उपयोग करके ग्रुप वॉयस कॉल में केवल आठ लोगों को जोड़ा जा सकता है। वहीं, कोई भी उपयोगकर्ता एक जीबी से अधिक की फाइल किसी अन्य उपयोगकर्ता को शेयर नहीं कर सकता है।
इसके साथ व्हाट्सऐप चैट ग्रुप के एडमिन को किसी भी समय संदेशों को हटाने की अनुमति भी देगा। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि हटाई गई चैट ग्रुप के किसी भी सदस्य को दिखाई नहीं देगी। मेटा प्लेटफॉर्म्स के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने एक पोस्ट में कहा, “हम व्हाट्सऐप पर ग्रुप में नए फीचर भी जोड़ रहे हैं, जिसमें प्रतिक्रिया, बड़ी फाइल शेयरिंग और बड़ी ग्रुप कॉल शामिल हैं।” हालांकि व्हाट्सऐप में इन नए फीचर्स को कब जोड़ा जाएगा इस बारे में कंपनी की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
2 बिलियन से अधिक यूजर्स: व्हाट्सऐप के पूरी दुनिया में 2 बिलियन से अधिक एक्टिव यूजर्स हैं। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में व्हाट्सऐप के दुनिया में सबसे अधिक यूजर्स हैं। जिनकी संख्या करीब 487 मिलियन (48.7 करोड़) हैं।
मुंबई मेट्रो में व्हाट्सऐप से मिलेगा टिकट: मुंबई में वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर मार्ग पर मेट्रो सेवा का संचालन करने वाली मुंबई मेट्रो वन प्राइवेट लिमिटेड (एमएमओपीएल) ने बृहस्पतिवार को व्हाट्सऐप पर ई-टिकट’ सुविधा शुरू की। एमएमओपीएल की ओर से बताया गया कि मुंबई मेट्रो वन मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप पर ई-टिकट देने वाली दुनिया में पहली एमआरटीएस (मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) है। इसके जरिये कोई भी आसानी से व्हाट्सऐप पर ई-टिकट ले सकता है। इसके अलावा यात्रियों के लिए ‘पेपर क्यूआर टिकट’ भी उपलब्ध होंगे।