आजकल इलेक्ट्रानिक उपकरणों की जीवन में उपयोगिता बढ़ती जाने और उन पर दिन भर नजरें टिकाए रखने की वजह से आंखों पर जोर अधिक पड़ने लगा है। चाहे कंप्यूटर हो, मोबाइल फोन या टीवी, इनके परदे पर चमकने वाली रोशनी हमारी आंखों के रेटिना पर दुष्प्रभाव छोड़ती हैं। हम इसकी परवाह भी नहीं करते। दिन भर मोबाइल फोन या कंप्यूटर पर काम करते रहते हैं। इससे धीरे-धीरे आंखों की रोशनी कमजोर हो सकती है।
शरीर की तरह देर तक काम करने की वजह से आंखों में भी थकान और जलन जैसी समस्याएं होती हैं। फिर, घर से बाहर निकलने पर आंखें प्रदूषित हवा के संपर्क में आती हैं, जिसके कारण खुजली या आंखों से पानी आने की समस्या हो सकती है। वातावरण में धूल और धुआं बढ़ने के कारण आंखों में जलन भी बढ़ जाती है। प्रदूषित हवा के कारण आंखों में सूखापन बढ़ने लगता है।
जो लोग कंप्यूटर या लैपटाप पर ज्यादा देर काम करते हैं, उनकी आंखों में थकान और जलन जैसे लक्षण आए दिन नजर आते हैं। इलेक्ट्रानिक परदे यानी स्क्रीन पर ज्यादा देर काम करने का बुरा असर आंखों पर पड़ता है। इसे किसी भी रूप में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। नियमित रूप से आंखों का व्यायाम और उन्हें आराम देने के लिए कुछ बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
ठंडे पानी से धोएं
रोज सुबह सोकर उठने के बाद सबसे पहला काम यही होना चाहिए कि आंखों को खोलकर उन्हें पानी से धोएं। मुंह में खूब पानी भर कर आंखों में छींटे मारते हुए धोने से आंखों को आराम मिलता है। इसके अलावा, दिन में जब भी मौका मिले, आंखों को ठंडे पानी से धोना चाहिए। अब गरमी का मौसम शुरू हो गया है, जब भी बाहर से आएं, आंखों को ठंडे पानी से जरूर धोएं।
आंखों में जलन या थकान होने पर पानी के छींटे मारें। थोड़ी-थोड़ी देर में पानी भी पीते रहें। पानी की कमी के कारण शरीर में निर्जलीकरण के लक्षण नजर आने लगते हैं। वहीं संक्रमण के कारण आंखों में होने वाली जलन को दूर करने के लिए भी पानी पीना जरूरी है। पानी पीने से विषैले तत्त्व शरीर से बाहर निकल जाएंगे और आंखों का संक्रमण ठीक हो जाएगा।
खीरे का इस्तेमाल
आंखों की जलन और थकान दूर करने के लिए खीरे का इस्तेमाल कर सकते हैं। खीरे की पतली परत काट लें। उन्हें फ्रिज में रख दें। फिर इन फांकों को आंखों के ऊपर रखें। बीस से तीस मिनट आंखों को बंद करके लेटे रहें। खीरे का इस्तेमाल करने से आंखों को ठंडक मिलती है और जलन और थकान से छुटकारा मिलता है।
ठंडा दूध
आंखों में थकान या जलन महसूस हो रही है, तो ठंडे दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। ठंडे दूध में रूई डुबो कर आंखों के ऊपर रख कर हल्की मालिश करें। दूध की ठंडी तासीर से आंखों का संक्रमण दूर होगा और आंखों में ताजगी आएगी। देर तक काम करने के बाद ये उपाय आजमाएंगे, तो आंखों में दर्द, सूजन और थकान आदि समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। आंखों की जलन दूर करने के लिए एलोवेरा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
गुलाब जल
आंखों की थकान दूर करने के लिए गुलाब जल का इस्तेमाल बहुत लाभदायक होता है। गुलाब जल की कुछ बूंदों को रूई में लें और उसे आंखों पर रख लें। इस तरह बीस मिनट तक आंखों पर रखने से आंखों की जलन और खुजली से छुटकारा मिलता है। गुलाब जल की तासीर ठंडी होती है। ताजे गुलाब जल को आंख में भी डालते हैं। मगर बाजार में मिलने वाले गुलाब को आंख में न डालें। इनमें रसायन मौजूद होते हैं। इनके संपर्क में आने से आंख में जलन की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए आंखों के अंदर कुछ भी डालने से बचना चाहिए।
आलू
आंखों में थकान और जलन महसूस हो रही है, तो कच्चे आलू की फांकों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। खीरे की तरह इसे भी काटकर फ्रिज में रख लें। जब आलू की स्लाइस ठंडी हो जाए, तो उसे दोनों आंखों के ऊपर रखें। बीस मिनट बाद आलू की फांकों को हटा दें। इससे आंखों को आराम मिलेगा और आंखों की थकान दूर हो जाएगी। ध्यान रखें कि इन चीजों का इस्तेमाल आंखों अंदर करने के बजाय आंखों के ऊपर करें।
व्यायाम
आंखों का नियमित व्यायाम भी करते रहना चाहिए। आंखों की पुतलियों को ऊपर-नीचे, दाएं-बाएं, गोल-गोल घुमाएं। फैलाएं और सिकोड़ें। दोनों हाथों की दो उंगलियों से भौहों और नीचे की तरफ हल्का दबाते हुए मालिश करें, इससे मांसपेशियों को आराम मिलता है। कंप्यूटर, मोबाइल आदि पर काम करते हुए स्क्रीन से आंखों को थोड़ी-थोड़ी देर में हटाते रहें। इस तरह आंखों को आराम मिलेगा।
(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)