मानस मनोहर
कई लोग अपना वजन घटाने की दृष्टि से भी कुछ ऐसा खाना चाहते हैं, जिससे पोषण तो भरपूर मिल जाए, पर ज्यादा कैलोरी न जमा हो। ऐसे ही कुछ व्यंजनों की चर्चा।
सब्जी का सलाद
यह सुन कर कुछ लोगों को अजीब लग सकता है, क्योंकि हमने सलाद के लिए कुछ चीजें तय कर रखी हैं, जिनमें टमाटर, खीरा, मूली, गाजर आदि शामिल हैं। आमतौर पर कई चीजों को सलाद के रूप में खाने के बजाय सब्जी की तरह ही खाते हैं। मगर सलाद इतना लोकप्रिय और गुणकारी आहार है कि जो भी चीजें हमारा शरीर कच्ची या अधपकी रूप में पचा सकता है, उन्हें सलाद के लिए उपयोग कर लिया जाता है।
अभी हम जिस सलाद पर चर्चा करने जा रहे हैं, उसमें कई सब्जियों का उपयोग किया जाता है। इसे ह्यरशियन सलादह्ण के नाम से रेस्तरां आदि में परोसा जाता है। इसकी खासियत यह होती है कि इसे अकेले भोजन के रूप में खा सकते हैं और भोजन के साथ सलाद के तौर पर भी। अगर चाहें, तो सब्जी की जगह भी खा सकते हैं।
आजकल कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इस मौसम में दिन भर अगर तला-भुना खाकर पेट पर पर्याप्त बोझ डाल चुके हैं, तो केवल यह सब्जी का सलाद खाकर तृप्ति पाई जा सकती है। जो लोग अपना वजन घटाना चाहते हैं, उनके लिए भी एक वक्त के भोजन के रूप में यह उपयुक्त आहार है। इसमें चूंकि हरी सब्जियों का उपयोग किया जाता है, इसमें भरपूर रेशे पाए जाते हैं और पेट भर जाने के बाद भी पाचन तंत्र पर अधिक जोर नहीं पड़ता।
पोषण से भरपूर होता है। इसे बनाना बहुत आसान है। चाहें तो बना कर रख दें और दो-चार घंटे बाद भी खा सकते हैं। इसके लिए जो भी हरी सब्जियां आपको पसंद हों, उनका चुनाव कर लें। इसमें आमतौर पर मटर के दाने, बीन्स, ब्रोकली, फूल गोभी, गाजर, पत्ता गोभी इस्तेमाल किया जाता है। अगर आप चाहें तो बेबी कार्न, मक्के के दाने भी ले सकते हैं। इन सारी सब्जियों को उबालना होगा, इसलिए पहले साफ करके छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
अब एक बड़े भगोने या कड़ाही में भरपूर पानी लें। उसे उबालने रख दें। पानी में एक छोटा चम्मच नमक डाल दें। जब पानी उबल जाए, तो उसमें सारी सब्जियों को डाल कर ढंक दें। पांच मिनट छोड़ दें। एक अलग भगोने में ठंडा पानी भर कर रखें, उसमें आठ-दस बर्फ के टुड़े भी डाल दें ताकि पानी पूरी तरह ठंडा हो जाए। अब पांच मिनट बाद उबली हुई सब्जियों को निकाल कर ठंडे पानी में डाल दें और दस मिनट के लिए छोड़ दें।
इस तरह सब्जियों के पकने का सिलसिला रुक जाएगा और उनका कचकचापन बना रहेगा। छन्नी में इन सब्जियों को छान लें और पूरी तरह पानी निथार लें।
अब दूध पर से उतारा हुआ एक कटोरी मलाई लें। उसे अच्छी तरह फेंट लें। उसमें एक चम्मच शहद या चीनी पीस कर और आठ दस काली मिर्चें कूट कर मिला लें। उबली हुई सब्जियों को एक अलग कटोरे में रखें और उनके ऊपर यह मथी हुई मलाई और जरूरत भर का नमक डाल कर अच्छी तरह मिलाएं। बस, सब्जियों का सलाद तैयार हो गया। इसे अकेले भी खा सकते हैं और चाहें तो दो ब्रेड के टुकड़े साथ में ले सकते हैं। खासकर रात के लिए यह पर्याप्त भोजन है।
नारियल चुकंदर
चुकंदर सेहत के लिए बहुत गुणकारी सब्जी है। इस मौसम में इसकी अच्छी पैदावार होती है, इसलिए इसे खाने का आनंद भी इसी मौसम में अधिक आता है। रेशेदार सब्जी तो है ही इसमें कई प्रकार के ऐसे रसायन पाए जाते हैं, जो पाचनतंत्र को दुरुस्त रखने, रक्त शुद्धि आदि में बहुत मददगार साबित होते हैं। इसे कई रूपों में खाया जाता है।
आमतौर पर लोग इसे सलाद के रूप में खाते हैं। कुछ लोग सब्जी भी बनाते हैं। चुकंदर का हलवा भी बनता है। बिस्कुट और बर्फी भी बनती है। मगर सबसे आसान है, इसे सलाद के रूप में खाना। मगर आयुर्वेद की सलाह है कि किसी भी सब्जी को पूरी तरह कच्ची खाने के बजाय अधपकी खाना चाहिए। इससे पाचनतंत्र ठीक रहता है और कच्चापन की वजह से अमीबा आदि बनने का खतरा भी टल जाता है। इसलिए हम चुकंदर का सलाद भी अधपका बनाएंगे। जो अभी हम बनाने जा रहे हैं, उसे आप चाहें तो सलाद कह सकते हैं, सब्जी भी कह सकते हैं।
चुकंदर को अगर नारियल के साथ पकाएं, तो इसका स्वाद और निखर आता है। फिर नारियल के गुण इसके साथ मिल कर यह सेहत के लिए और फायदेमंद हो जाता है। इसके लिए कच्चे नारियल को मिक्सर में डाल कर चूरा बना लें। अब चुकंदर का छिलका उतारें और धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
कड़ाही में एक चम्मच खाने का तेल गरम करें, उसमें जीरा और हींग का तड़का दें। चाहें, तो चार-छह कढ़ी पत्ते भी डाल सकते हैं। अब कटा हुआ चुकंदर छौंक दें। उसमें जरूरत भर का नमक डालें और अच्छी तरह मिलाएं। आंच को मध्यम कर दें। ढक्कन लगा कर पांच से सात मिनट पकने दें। चुकंदर अपने भाप से पक कर नरम हो जाएगा।
अब कड़ाही का ढक्कन हटाएं, उसमें नारियल का चूरा मिलाएं और फिर ढक्कन लगा कर दो से तीन मिनट तक पकने दें। फिर आंच बंद कर दें और दस मिनट के लिए छोड़ दें। नारियल चुकंदर तैयार है। इसे चाहें तो स्वतंत्र रूप से खा सकते हैं या चाहें तो नियमित भोजन के साथ सब्जी या सलाद की तरह खा सकते हैं।
अगर आपको लगता है कि इसे मसालेदार बनाया जाना चाहिए, तो पकने के बाद इसमें आधा चम्मच गरम मसाला डाल कर मिला दें या चाहें तो परोसने से पहले आधा छोटा चम्मच चाट मसाला डाल कर मिला सकते हैं।