गर्मी के मौसम में पसीना आना आम बात है। अब गर्मी के साथ उमस बढ़ने लगी है, इसमें पसीना अधिक निकलता है। सामान्यतया पसीना निकलना स्वस्थ शरीर की पहचान है। मगर घबराहट, बेचैनी या किन्ही अन्य कारणों से पसीना निकलता है, तो वह किसी गंभीर समस्या का कारण भी हो सकता है। मगर पसीना तब खुद एक समस्या बन जाता है, जब उसमें दुर्गंध आती हो। आपके असपास बैठे लोग दूरी बनाने लगते हैं, नाक-भौं सिकोड़ना शुरू कर देते हैं। बहुत सारे लोग पसीने की बदबू मिटाने के लिए खुशबूदार द्रव्य इस्तेमाल करते हैं। पर लंबे समय तक उससे भी दबाना मुश्किल होता है।
इसलिए पसीने की बदबू के कारण और उससे बचने के उपाय जानना बहुत जरूरी है। कुछ सामान्य घरेलू नुस्खों से पसीने की बदबू दूर भगाई जा सकती है। भोजन में कुछ ऐसी चीजें शामिल कर सकते हैं, जो पसीने और उसकी दुर्गंध से छुटकारा दिला सकती हैं।
कारण
पसीने से बदबू तभी आती है, जब पसीना देर तक कपड़े में बना रहे और उसमें बैक्टीरिया चिपके रहते हैं। कई लोग एक ही वस्त्र बिना धोए, कई दिन तक पहनते हैं। इस तरह उनमें चिपके बैक्टीरिया बदबू पैदा करते हैं। इसके अलावा कपड़ों की वजह से भी बदबू पैदा होती है। अगर कपड़े में पालिएस्टर अधिक है, तो पसीना भी अधिक निकलेगा और उसमें बदबू भी ज्यादा आएगी। सूती कपड़ों में बदबू कम पैदा होती है। इसलिए कमीज, जुराबें आदि इस मौसम में सूती ही पहनें, तो बेहतर। इसके लिए हर समय साफ-सफाई का ध्यान रखना होता है। जब शरीर में पानी से ज्यादा कैफीन की मात्रा हो जाती है और आप नियमित स्नान नहीं करते, तो पसीने में बदबू आने लगती है।
घरेलू उपाय
अगर आपके पसीने से बदबू आती है, तो इससे बचने के लिए बगलों में नारियल तेल या जैतून का तेल लगाना फायदेमंद होता है। अगर सूखी त्वचा की समस्या से परेशान हैं तो रोजाना सोने से पहले चेहरे पर नारियल तेल से मालिश करें। इसके अलावा यह शरीर की दुर्गंध को कम करता है। इसमें लोरिक एसिड होता है, जो पसीना पैदा करने वाले बैक्टीरिया को कम करता है। आप शरीर के उन हिस्सों में नारियल तेल लगाएं, जहां से दुर्गंध आती है।
पुदीना के पत्ते में कई तरह के औषधीय गुण होते हैं। पुदीने के पत्ते को उबाल कर नहाने के पानी में मिलाएं और फिर नहाएं। इससे पसीने की दुर्गंध नहीं आएगी। रोजाना पुदीने के पत्ते से स्नान करने से तरोताजा भी महसूस करेंगे।
इसके अलावा बेकिंग सोडा भी शरीर की दुर्गंध से छुटकारा दिलाने में काफी मददगार होता है। बेकिंग सोडा में नींबू का रस मिला कर उन हिस्सों में लगाएं, जहां से बदबू आती है। इसके सूखने के बाद स्नान कर लें। इसके अलावा आप चाहें, तो नहाने के पानी में चुटकी भर बेकिंग सोडा डाल कर नहा सकते हैं।
फिटकरी भी इसमें बहुत लाभकारी होता है। फिटकरी में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं, जो पसीने को दूर करने के लिए उपयोग किया जाता है। नहाने के पानी में फिटकरी मिलाएं और नहा लें। पसीने की दुर्गंध से छुटकारा मिल जाएगा। हालांकि इसका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करें।
खानपान का ध्यान
इस मौसम में थोड़ी-थोड़ी देर पर पानी पीते रहें। जब भी घर से बाहर निकलें, पानी की बोतल साथ रखें। पानी अधिक मात्रा में पीने से शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और निर्जलीकरण यानी डिहाईड्रेशन की समस्या नहीं होती है। इससे रक्तचाप जैसी समस्या को कम करने में भी मदद मिलती है। अगर अधिक पसीने या दुर्गंध की समस्या है, तो आपको चाय और काफी का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इसमें कैफीन पाया जाता है और इससे डिहाईड्रेशन की परेशानी हो सकती है।
कैल्शियम शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करता है और पसीने की बदबू भी कम करता है। अगर आपको सुबह कैल्शियम का सेवन करना है, तो अपने आहार में कम वसा वाला दूध शामिल करें। इसके अलावा गर्मियों में दही या छाछ भी कैल्शियम का अच्छा विकल्प हो सकता है। गर्मियों में कई ऐसे मौसमी फल और सब्जियां मिलती हैं और जिनमें भरपूर मात्रा में पानी पाया जाता है।
आप खाने में तैलीय चीजों की जगह इन पानी से भरपूर फलों और सब्जियों का सेवन कर सकते हैं। इससे शरीर के बदबू को कम करने में मदद मिलती है। इसके लिए लौकी, भिंडी, खीरा, संतरा, तरबूज, खरबूजा, स्ट्राबेरी, अनन्नास आदि का सेवन जरूर करें। ये प्राकृतिक रूप से शरीर की दुर्गंध को कम करते हैं।
जैतून का तेल यानी आलिव आयल एंटीआक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो आपके पाचन तंत्र को मजबूत बनाता और शरीर के तापमान तथा पसीने के स्तर को नियंत्रित रखता है। इसे आप अपने खाने और सलाद में इस्तेमाल कर सकते हैं।
पसीने से बदबू आने का कारण अधिक वसा वाले खाद्य पदार्थ भी हो सकते हैं। इसके लिए आप भोजन में रेशेदार यानी फाइबर युक्त भोजन, जैसे साबुत अनाज, सफेद ब्रेड, ओट्स और दलिया खा सकते हैं।
(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)