सेहत को लेकर अक्सर हम ढेर सारी हिदायतों की चर्चा करते हैं। खासतौर पर खानपान के बारे में तो इतने परहेज गिना दिए जाते हैं कि लगता है कि कुछ भी अच्छा या मन का खाने का मतलब सेहत से समझौता है। पर ऐसा नहीं है। खाने की कई ऐसी चीजें हैं तो सबको भाती तो हैं ही सेहत पर भी इनका अनुकूल असर पड़ता है। इन दिनों पारा तेजी से चढ़ने लगा है। गर्मी के आते ही ठंडी चीजें खाने-पीने की तलब होने लगती है। इनमें सबसे लोकप्रिय है आइसक्रीम।

डेयरी उत्पाद
आमतौर पर आइसक्रीम को सेहत के लिहाज से कोई खास महत्व नहीं दिया जाता है। पर जानकर खुशी होगी कि आइसक्रीम खाने के कई फायदे बताए गए हैं। लिहाजा अगर आपको आइसक्रीम खाना पसंद है तो इससे जुड़ी कुछ बातें आपकी खुशी को और बढ़ा देगी। सबसे पहले तो आप इस मिथक को दिमाग से निकाल दें कि आइसक्रीम और सेहत का छत्तीस का आंकड़ा है।

दरअसल अलग-अलग स्वाद के आइसक्रीम आपकी सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद है। आइसक्रीम एक डेयरी उत्पाद है, इसलिए इसमें कई पोषक तत्व भी मौजूद रहते हैं। इनके सेवन से आपका शरीर कई लिहाज से स्वस्थ बनता है। इसमें विटामिन और प्रोटीन भी भरपूर मात्रा मौजूद होता है, इसलिए इसके नियमति सेवन को लेकर भी कोई खास परहेज की जरूरत नहीं है।

हड्डियों को मजबूती
बाकी डेयरी उत्पादों की तरह आइसक्रीम में भी काफी मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है। कैल्शियम के सेवन से हड्डियां मजबूत होती हैं। शरीर को थकान न हो इसके लिए कैल्शियम की जरूरत रहती है। गौरतलब है कि शरीर में मौजूद 99 फीसद कैल्शियम हड्डियों में ही पाया जाता है।
ऐसे में डेयरी उत्पाद का सेवन करने से आपके शरीर में कैल्शियम की प्रचुर मात्रा बनी रहती है। रोजाना दूध से बनी आइसक्रीम खाने से आस्टियोपोरोसिस (हड्डियां पतली और कमजोर होने की बीमारी) का खतरा काफी कम हो जाता है।

कई फायदे
दूध से बनी आइसक्रीम प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत है। प्रोटीन शरीर के अलग-अलग हिस्सों जैसे हड्डियां, मांसपेशियां, खून और त्वचा के लिए फायदेमंद रहता है। प्रोटीन खाने से ऊतक और मांसपेशियां मजबूत होती हैं। शरीर के कुछ हिस्से जैसे नाखून और बाल भी प्रोटीन से ही बने होते हैं। आइसक्रीम खाने से शरीर को अपेक्षित प्रोटीन मिलता है। आइसक्रीम में विटामिन ए, बी-2 और बी-12 पाया जाता है। विटामिन ए आपकी त्वचा, हड्डियों और रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है।

इसके अलावा इससे आंखों की रोशनी भी बेहतर होती है। विटामिन बी-2 और बी-12 मेटाबालिज्म को संतुलित रखता है और बी-12 वजन घटाने में सहायक होता है। अगर आपको दूध पीना अच्छा नहीं लगता तो आप आइसक्रीम खाकर विटामिन की कमी को पूरा कर सकते हैं।

कुछ नुकसान भी
ऐसा नहीं कि आइसक्रीम का सेवन आपको केवल फायदा ही देता है। इसके सेवन से शरीर को कई तरह से नुकसान भी पहुंचता है। आइसक्रीम में शक्कर की मात्रा काफी होती है। ऐसे में यदि आप इसे अधिक मात्रा में खाते हैं तो मोटापे का खतरा रहता है। इसके अलावा बटर और चॉकलेट से बनी आइस्क्रीम में कैलोरी भी ज्यादा होती है, जो कि शरीर के लिए नुकसानदेह होती है। ज्यादा आइसक्रीम खाने से सिरदर्द, फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्या भी हो सकती है।

गुणवत्ता की जांच
ध्यान रहे कि आइसक्रीम खाने से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच अवश्य कर लें। आइसक्रीम में मेवा और दूसरी फैटी चीजें भी मौजूद रहती हैं। इससे डाइट मेनटेन करना मुश्किल हो जाता है। आधा कप मेवा वाले आइसक्रीम में करीब 250 ग्राम कैलोरी होती है। इसलिए अगर आप कैलोरी बर्न करना चाहते हैं तो सादे आइसक्रीम का सेवन करें। डाइट प्लान में एक चीज बेहद अहम होती है- आप रोज कितनी कैलोरी ले रहे हैं और कितनी कैलोरी हर दिन बर्न कर रहे हैं। अगर आप इन दोनों के बीच संतुलन रखने में कामयाब रहते हैं तो वजन कम करना बहुत आसान हो जाएगा।
(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)