दरअसल, सर्दियों में ठंडी हवाएं बालों को नुकसान पहुंचाती हैं। इससे बाल रूखे, बेजान नजर आने लगते हैं। ऐसे में लोग बालों को खूबसूरत बनाने के लिए कई तरीके अपनाते हैं। इसके लिए कुछ लोग घरेलू उपायों का सहारा लेते हैं, तो कुछ तरह-तरह के तेल, क्रीम, लोशन वगैरह का इस्तेमाल करते हैं। बालों की देखभाल के चलते कई लोग कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे बालों को काफी नुकसान पहुंचता है। इससे बाल गिरने की समस्या भी बढ़ती है। साथ ही दोमुंहे बालों की समस्या होने लगती हैं। इसलिए कुछ ऐसी सामान्य गलतियों से बचना चाहिए।

गरम पानी

सर्दियों में लोग ठंड से बचने के लिए गरम पानी से नहाते हैं। जितनी ठंड अधिक होती है, पानी भी उतना ही गरम करते हैं। उसी पानी से बाल भी धो लेते हैं। यह बालों की देखभाल से जुड़ी सबसे बड़ी गलती है। गरम पानी से बालों को नुकसान पहुंचता है। यह बालों और खोपड़ी के प्राकृतिक तेलों को धो देता है, जिससे बाल रूखे हो जाते हैं। इसके अलावा गरम पानी से बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और बाल गिरने की समस्या बढ़ती है।

गीले बालों में कंघी

सर्दियों में बालों को लंबे समय तक गीला रखना शरीर में ठंड पैदा कर सकता है। इसलिए बालों को धोने के तुरंत बाद अक्सर लोग कंघी करने लगते हैं। इससे बालों का झड़ना तेज हो सकता है। इसलिए कभी भी गीले बालों पर कंघी नहीं करनी चाहिए। पहले बालों को अपने आप सूखने दें, फिर कंघी करें। इससे बाल मजबूत और चमकदार भी नजर आएंगे। कई लोग बालों को सुखाने के लिए हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करते हैं। इससे भी बालों को उसी तरह नुकसान पहुंचता है, जैसे गरम पानी से धोने पर। इसलिए सर्दियों में बालों को अपने आप ही सूखने देना चाहिए।

खोपड़ी का खयाल

सर्दियों में बालों के साथ-साथ खोपड़ी का खयाल रखना भी बहुत जरूरी होता है। अकसर सर्दियों में लोग कई दिनों तक बाल नहीं धोते, इससे खोपड़ी पर गंदगी जमा हो जाती है। इससे रूसी और दाने निकलने की समस्या होने लगती है। अगर किसी की खोपड़ी संवेदनशील है, तो उसमें जलन, बालों का झड़ना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

जल्दबाजी न करें

कई लोग नहाने के बाद बाल सूखने का इंतजार नहीं करते और गीले बालों के साथ घर से बाहर निकल जाते हैं। इससे ठंडी हवाएं बालों में नमी को स्थिर बना देती हैं। इससे बाल टूटने की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में आप बालों पर तौलिया लपेट सकते हैं, बालों को अच्छी तरह पोंछ सकते हैं।

टोपी का चुनाव

ठंड से बचने के लिए अधिकतर लोग टोपी या स्कार्फ पहनते हैं। मगर बालों को नुकसान से बचाने के लिए हमेशा अच्छे कपड़े की टोपी का ही चुनाव करना चाहिए। खराब ऊन और सूत से बनी टोपी बालों की नमी को सोख लेती है, इससे बाल रूखे और बेजान हो जाते हैं।

शैंपू का इस्तेमाल

सर्दियों में रूसी से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के शैंपू का इस्तेमाल करते हैं। मगर रासायनिक शैंपू बालों को कमजोर कर देते हैं। बालों को धोने के लिए हमेशा अच्छे और सौम्य शैंपू का ही इस्तेमाल करना चाहिए। अधिक शैंपू के इस्तेमाल से भी बालों और खोपड़ी का प्राकृतिक तेल नष्ट हो जाता है। इसलिए बालों में नियमित रूप से तेल लगाएं। इसके लिए आप गुनगुने तेल का प्रयोग कर सकते हैं। बालों के रूखेपन को दूर करने के लिए गहरी कंडीनशिंग जरूर करें।

बालों को स्वस्थ रखने के लिए स्वस्थ आहार लेना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए विटामिन ई और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को अपने भोजन में शामिल करें। गाजर, चुकंदर, शलजम आदि का अधिक प्रयोग करें।
(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)