आजकल जिस तरह लोगों की खानपान की आदतें और जीवन-शैली बदल रही है, उसमें सभी आयु वर्ग के लोगों में यह समस्या देखने को मिलती है। सर्दी के मौसम में खासकर बूढ़े लोगों में यह समस्या बढ़ जाती है। हड्डियों में दर्द होने पर व्यक्ति को उठने-बैठने, चलने-फिरने और घर के काम करने में काफी तकलीफ होती है। ऐसे में कई लोग असहनीय दर्द होने पर दर्द निवारक दवा ले लेते हैं, लेकिन लंबे समय तक इनके उपयोग से दुष्प्रभाव भी देखने को मिल सकते हैं। इसके लिए आप चाहें तो कुछ ऐसे घरेलू उपाय आजमा सकते हैं, जिससे हड्डियों के दर्द से काफी हद तक आराम मिल सकता है। अपनी खानपान की आदतें और जीवन-शैली में बदलाव करके इस परेशानी से काफी हद तक छुटकारा पाया जा सकता है।
लहसुन
लहसुन एक ऐसा खाद्य है, जो हड्डियों या जोड़ों के दर्द को दूर करने में काफी मददगार साबित होता है। गठिया के कारण हड्डियों में होने वाले दर्द को भी लहसुन ठीक करता है। इसमें कैल्शियम, आयरन, फास्फोरस और पोटैशियम उच्च मात्रा में पाया जाता है। इसके सेवन से शरीर में इन सभी पोषक तत्वों की कमी पूरी होती है, जिससे हड्डियों में दर्द की समस्या से छुटकारा मिलता है। इसमें मौजूद कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाता है। अगर रोज सुबह खाली पेट तीन-चार लहसुन की कलियां चबा कर खा जाएं तो हड्डियों के दर्द में आराम मिलता है। इसके अलावा तिल या सरसों के तेल में लहसुन की कुछ कलियों को पका कर तेल को छान लें। ठंडा होने पर इससे अपने शरीर की अच्छे से मालिश करें। इससे दर्द में आराम मिलेगा।
तुलसी
हड्डियों में दर्द होने पर तुलसी का उपयोग भी किया जा सकता है। तुलसी में पोटैशियम और विटामिन डी के अलावा कैल्शियम भी पाया जाता है। नियमित रूप से तुलसी की तीन-चार पत्तियों को चबाने से इसमें काफी आराम मिलता है। तुलसी में दर्द और सूजन रोधी गुण होते हैं। इससे गठिया के रोग को भी दूर किया जा सकता है। तुलसी की पत्तियों को चबाने के साथ ही इसकी चाय भी पी सकते हैं। तुलसी के बीज भी हड्डियों की मजबूती के लिए फायदेमंद होते हैं।
हल्दी
हल्दी में करक्यूमिन नामक तत्त्व पाया जाता है, जो सूजन बढ़ाने वाले रसायनों के स्तर को कम करने में मदद करता है। हल्दी में भी हड्डियों को मजबूत बनाने वाले तत्त्व, जैसे कैल्शियम, विटामिन के और पोटैशियम पाया जाता है। गठिया के कारण होने वाले दर्द से राहत दिलाने में हल्दी फायदेमंद होता है। इसके लिए आप रोज सुबह हल्दी के पानी का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा रात को सोने से पहले हल्दी वाला दूध पीना भी फायदेमंद होता है। दूध में एक चम्मच हल्दी, शहद डाल कर पीने से भी हड्डियां मजबूत होती हैं। आजकल बाजार में कच्ची हल्दी मिलने लगी है, उसका अचार या चटनी बना कर दैनिक आहार में शामिल कर सकते हैं।
तेल मालिश
हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए उनकी मालिश करना बहुत जरूरी होता है। नियमित रूप से हाथ, पैरों की मालिश करने से जोड़ों में दर्द की समस्या नहीं होती है। इससे हड्डियों के साथ मांसपेशियां भी मजबूत बनती हैं। मालिश के लिए बादाम, तिल, अरंडी, नीलगिरी और सरसों के तेल का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए पहले तेल को हल्का गर्म करें, फिर इससे दर्द वाली जगह पर मालिश करें। अगर आपको दर्द नहीं भी है, तो भी आप अपने शरीर की नियमित रूप से मालिश कर सकते हैं। इससे हड्डियां मजबूत होंगी और आपको आगे चलकर यह समस्या नहीं होगी।
दूध का सेवन
बचपन से ही सलाह दी जाती है कि रोज एक गिलास दूध पीने से हड्डियां हमेशा मजबूत रहती हैं। शरीर में कैल्शियम की कमी से अकसर हड्डियों में दर्द रहता है। ऐसे में दूध पीना इसलिए फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि दूध कैल्शियम का काफी अच्छा स्रोत होता है। अगर आपको हड्डियों में ज्यादा दर्द रहता है तो आप दिन में दो बार दूध का सेवन कर सकते हैं। लेकिन अगर आपको दर्द नहीं है तो आप अपनी हड्डियों और जोड़ों को मजबूत बनाने के लिए रात को सोते समय दूध जरूर पीएं। इससे नींद अच्छी आती है और पाचन भी ठीक रहता है।
मेथी दाने
मेथी के दाने पोषक तत्त्वों से भरपूर होते हैं। इसलिए कई लोग इसका इस्तेमाल भोजन में मसाले के रूप में भी करते हैं। हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए रोज सुबह मेथी दाने का पानी जरूर पीना चाहिए। रात को मेथी के दानों को पानी में भिगो दें। सुबह उठ कर इसे छान लें और खाली पेट पी जाएं। आप चाहें तो मेथी दाने के चूर्ण का सेवन भी कर सकते हैं। अगर आपको किसी चोट की वजह से भी हड्डियों में दर्द होता है, तो मेथी दाने के सेवन से उसमें आराम मिलेगा। इसमें एंटीआक्सीडेंट और सूजनरोधी गुण होते हैं, जिससे जोड़ों में होने वाले दर्द से भी राहत मिलती है।
(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)