पहला ‘गेम चेंजर’ : प्रियंका कुलवक्ती राजनीति में आर्इं। पूर्वी उत्तर प्रदेश की महासचिव बनीं।
हर चैनल पर प्रियंका के पुराने फुटेज तैरने लगे। दिलजले जलने लगे।
एक एंकर : इसका मतलब राहुल फेल! जी नहीं राहुल पास!
हाय हाय ‘गांधी डाइनेस्टी’! वंशवाद वंशवाद! बहन और भाई एक साथ!
चैनल बोले : प्रियंका गेम चेंजर! प्रियंका गेम चेंजर!
पहले ही क्या चमत्कार किया था, जो अब उत्तर प्रदेश में करेंगी?
कांग्रेसी प्रवक्ता : प्रियंका पूरे देश की हैं, उनमें करिश्मा है।
न्यूज अठारह : उनका चेहरा इंदिरा गांधी की याद दिलाता है। एक ओर इंदिरा का चेहरा लगा रहा, दूसरी ओर प्रियंका का चेहरा लगा रहा।
हर एंकर के लिए : प्रिंयका गेम चेंजर! हाय! उत्तर प्रदेश का गणित बिगड़ा।
हर चैनल पर एक ही सवाल रहा : किसका गणित बिगाड़ेंगी प्रियंका?
एक एंकर : सपा-बसपा का गणित बिगाड़ेंगी प्रियंका!
दूसरा : भाजपा का गणित भी बिगाड़ेंगी प्रियंका!
इंडिया टुडे ने लाइन लगाई : क्या प्रियंका यंग इंडिया को साथ ला सकती हैं।
इसके बाद एक भाजपा नेता का सौंदर्यबोध आहत हुआ। वे कह उठे ‘चाकलेटी चेहरा!’
एक एंकर नाराज होकर बोलीं : ये कैसा ‘सेक्सिस्ट कमेंट’ है। ये ‘मिसोजिनस्टिक मांइडसेट’ है।
इस बीच एक अंग्रेजी चैनल हिंदी में आने की कहने लगा। अंग्रेजी एंकर ठीकठाक-सी हिंदी बोलने लगा। चलो अंग्रेजी को भी हिंदी में आना पड़ा!
बलिहारी ब्रेकिंग न्यूज की कि ज्यों ही चंदा कोचर आदि पर एफआइआर की खबर आई, त्यों ही एक बड़े मंत्री द्वारा सीबीआइ को चेताने की खबर ब्रेक हुई कि सीबीआइ अधिक दुस्साहस न दिखाए और हे प्रभु, एक बंदे का तुरंत तबादला हो गया!
इसे कहते हैं : ‘जाको राखे साइयां मार सके न कोय!’
इस बीच उत्तर प्रदेश के सीएम योगी जी ने ऐलान कर दिया कि अगर सुप्रीम कोर्ट नहीं कर सकता, तो हम चौबीस घंटे में मंदिर बना सकते हैं!
इसके बरक्स सुब्रमण्यम स्वामी जी ने ऐलान किया कि मंदिर का मुद्दा दस सेकंड में निपट सकता है!
इतनी सुंदर जुगलबंदी के दिनों में केंद्रीय मंत्री गडकरी जी पता नहीं क्यों अक्सर कुछ विषम स्वर लगा दिया करते हैं कि सबका जी खट्टा हो जाता है। इस बार भी लगा दिए कि नेता जब सपने दिखाते हैं, तो अच्छे लगते हैं, लेकिन पूरे नहीं होते तो जनता पिटाई भी करती है।…
कांग्रेस के एक नेता ने चुटकी ली कि कोई बताए कि यह कहा किसके लिए गया है?
शिवसेना ने अर्थाया कि गडकरी जी ने अधिकांश जनता की भावना व्यक्त कर दी है।
यानी कि ‘समझने वाले समझ गए हैं ना समझे वो अनाड़ी हैं!’
इतनी बढ़िया धांय धांय में सिद्धरमैया एक महिला के अपमान के चक्कर में कुटते रहे। महिला सामने माइक लिए शायद देर तक बोलती रही। फिर माइक खींचने के चक्कर में महिला की साड़ी का पल्लू खिंच गया। फिर क्या था, एक चैनल ने तुरत लाइन लगाई: ‘कांग्रेस इंसल्ट्स इंडिया’! ‘गलती’ पूर्व सीएम की, लेकिन कुटाई सीधी कांग्रेस की। जबकि अन्य एक चैनल ने दिखाया कि महिला के हाथ से माइक खींचने के चक्कर में ‘अनजाने पल्लू खिंच गया’।
कि इसी बीच राहुल ने फिर एक ‘गेम चेंजर’ मारा। वे एक रैली में बोले कि अगर चुनाव में जीते तो सभी गरीबों को ‘न्यूनतम आय की गारंटी’ देंगे। चैनल बताने लगे कि हर गरीब को बारह सौ से अठारह सौ रुपए तक मासिक आय दी जाएगी।
एक चैनल ने इसे ‘राहुल का सिक्सर’ कहा।’
एक भाजपा प्रवक्ता कहने लगे : मैं नहीं समझता कि ये कोई गेम चेंजर हैं! राहुल झूठ बोलने के आदी हैं उनकी साख नही हैं। कांग्रेसी तो खुद भ्रष्ट हैं।…
अभिषेक मनु सिंघवी बोले : यह योजना सभी के लिए है। अगर राहुल घोषणा करते हैं तो क्या परेशानी है, आप उसके आगे देखें।…
एक अर्थशास्त्री ने पूछा : लेकिन कौन गरीब है, इसका पता कैसे लगाएंगे?
एक अन्य भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल कोई नई बात नहीं कह रहे। पीएम ने गरीबों पर फोकस किया है। अभी डिटेल्स तो दें एमपी में किसानों को क्या दिया इन्होंने?
एक प्रो-राहुल पत्रकार कहने लगे : कांग्रेस आजकल एंजेडा सेट कर रही है। भाजपा सिर्फ प्रतिक्रिया करती है।
मंगलवार को केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई कि अयोध्या में 2.77 एकड़ विवादित स्थल को छोड़ बाकी सड़सठ एकड़ अविवादित जमीन को अधिग्रहीत करने की अनुमति दी जाए, ताकि उसे रामजन्म भूमि न्यास को दिया जा सके।…
यह सप्ताह का आखिरी गेम चेंजर रहा। सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि केंद्र सरकार का यह पॉजिटिव कदम है।
योगी जी ने इसका स्वागत किया। अयोध्या के बाबा लोगों ने इसका स्वागत किया। एक धर्म नेता ने तो एक चैनल की बातचीत में यहां तक कह दिया कि बसंत पंचमी के दिन रामलला का भव्यमंदिर बनाने की शुरुआत की जा सकती है!

