राजधानी दिल्ली में सर्दी का सितम जारी है। दिन में तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शनिवार ( 8.1 डिग्री सेल्सियस ) के मुकाबले रविवार को राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो औसत से तीन डिग्री नीचे है। चार दिन बाद रविवार का तापमान एक बार फिर पांच डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। वहीं, आने वाले पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली का न्यूनत्तम तापमान क्रम से 5.7, 6.6, 7.1 और 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को यह तापमान औसत से तीन डिग्री नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस चला गया। अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत अधिकतम तापमान से पांच डिग्री कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे तक आर्द्रता का स्तर 100 फीसद दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने सोमवार को घने कोहरे का अनुमान जताया है। उसने कहा कि दिल्ली में 22 से 27 जनवरी तक घना कोहरा रह सकता है। रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 11 रेलगाड़ियां चार घंटे की देरी से चल रही हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह नौ बजे 358 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
शून्य और 50 के बीच एक्यूआइ को अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक , 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच खराब , 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच गंभीर माना जाता है।