Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज की 122 सीटों पर वोटिंग 11 नंवबर को होनी है। इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बीजेपी शासित राज्यों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार चुनाव में 208 कंपनियां BJP राज्यों से बुलाई गईं हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल किया कि सारी फोर्स बीजेपी शासित राज्यों से ही क्यों बुलाई गई है। पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और झारखंड से क्यों कंपनियां नहीं बुलाई गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने कहा, “उत्तर प्रदेश से 40 कंपनियां, गुजरात से 27 कंपनियां, मध्य प्रदेश से 23, असम से 15, महाराष्ट्र से 25 कंपनियां, छत्तीसगढ़ से 15 कंपनियां, राजस्थान से 10, मिजोरम और हरियाणा से आठ-आठ कंपनियां, नागालैंड से 15 और मेघालय से 7 कंपनियां, गोवा से छह कंपनियां, त्रिपुरा से पांच कंपनियां और उत्तराखंड से चार कंपनियां यानी कुल 208 कंपनियां भाजपा शासित राज्यों से उनकी पुलिस आई है। बिहार चुनाव के लिए सुरक्षा को लेकर ये गंभीर सवाल खड़ा हुआ है।”

झारखंड और बंगाल से क्यों नहीं आईं कंपनियां- तेजस्वी यादव

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “बंगाल, कर्नाटक और तमिलनाडु से कंपनियां क्यों नहीं मंगाई गई हैं। हमारे सबसे पास झारखंड है, दिल्ली की आ रही, मध्य प्रदेश की आ रही हैं, लेकिन झारखंड और बंगाल पास में हैं तो वहां से कंपनियां क्यों नहीं आई हैं। मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड से आ रही है, झारखंड, बंगाल और कर्नाटक जैसे राज्यों से क्यों नहीं आ रही है। ये जो 243 विधानसभा में 68 पर्सेंट पुलिस ओब्जर्वर बीजेपी शासित राज्यों से हैं। पहले जो जितने भी लोग होते थे, वो सीएपीएफ के होते थे। उनको लगाया जाता था ताकि निष्पक्ष तरीके से ओब्जर्विंग हो। लेकिन इस बार 208 कंपनियां बीजेपी शासित राज्यों में से हैं। अमित शाह ने डेरा क्यों जमाया हुआ है।

ये भी पढ़ें: इस चुनाव में चली बीजेपी की आंधी, 122 में से 107 सीट जीतीं

किस राज्य से आए कितने जवान?

बिहार में दूसरे और अंतिम चरण के तहत 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए कुल 45399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। राज्य में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए सीएपीएफ की 1650 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसमें से 1332 कंपनियां सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी की हैं। बाकी की 273 कंपनियां 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों से आईं आर्म्ड फोर्स की हैं। इसमें से भारतीय जनता पार्टी और उसके गठबंधन शासित राज्यों की 208 कंपनियां शामिल हैं।

राज्यकंपनियों की संख्या
उत्तर प्रदेश40
गुजरात27
मध्य प्रदेश23
असम15
महाराष्ट्र25
छत्तीसगढ़15
राजस्थान10
मिजोरम8
हरियाणा8
नागालैंड15
मेघालय7
गोवा6
त्रिपुरा5
उत्तराखंड4
208

कांग्रेस और अन्य पार्टियों के राज्य से आए जवान

राज्यकंपनियों की संख्या
झारखंड23
केरल10
पंजाब10
सिक्किम8
तेलंगाना5
कर्नाटक5
हिमाचल प्रदेश4
65

चुनाव आयोग मर चुका है- तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में इस बार बदलाव का माहौल दिख रहा है क्योंकि राज्य हर तरह से पिछड़ा हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता इस बार रोजगार देने वाली सरकार ला रही है और बिहार की जनता इतिहास रचने जा रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर को था और आज 10 नवंबर है। उन्होंने कहा, “4 दिन बीत जाने के बाद भी डेटा सार्वजनिक नहीं किया गया है। पहले तो उसी दिन मैन्युअली बता देते थे। डेटा क्यों छिपाया जा रहा है। मतदान 11 नवंबर को है और मतगणना 14 नवंबर को। लेकिन आपको 4 दिन से ज्यादा पता नहीं चलेगा कि कितने वोट पड़े। बीजेपी अपने पाप करती रहेगी और चुनाव आयोग पर्दा डालता रहेगा। चुनाव आयोग मर चुका है और एक औजार बन गया है।”

ये भी पढ़ें: दूसरे चरण की 122 विधानसभा सीटों पर सभी दलों की निगाह युवाओं पर