हिमाचल प्रदेश और गुजरात में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव हैं और प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी ने चुनावी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि कांग्रेस का दौर खत्म हो चुका है और अब हम उसे क्यों ढूढ़ रहे हैं? उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस पूरे देश से खत्म हो चुकी है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे और इस दौरान उन्होंने कहा, “हर चीज का एक दौर होता है, वक्त होता है। एक वक्त था कांग्रेस पार्टी का था, जो गुजर चुका है, वह आज नहीं है। पार्टी पूरे देश में खत्म हो गई, हम इसे क्यों ढूढ़ रहे हैं। पूरे राष्ट्र से समाप्त हो गई है इनके नेता जमानत पर हैं। यूपी में 400 सीटें हैं और 2 सीटें बची है।”

जयराम ठाकुर ने आगे कहा, “उनके एक युवा नेता हैं जो कुछ दिन बाद यहां आयेंगे। एक नौजवान आयेंगे और लोकतंत्र है और उनको भी अपनी बात कहनी है। हमें उनसे कोई आपत्ति नहीं है। न ही मुझे उनके परिवार या पार्टी से कोई आपत्ति है। जब आपकी पार्टी खत्म हो गई तो हमें दोष मत दो। पूरे देश में उनके विदाई की शहनाई बज रही है। उनको तो एक ही चीज कहिए कि बाबुल की दुआएं लेती जा, जा तुझे सुखी संसार मिले।”

31 मई को मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी हिमाचल प्रदेश का दौरा किया था और अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया था। इस दौरान पीएम ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था। पीएम मोदी ने कहा था कि पहले के लोग (तत्कालीन कांग्रेस सरकार के नेता) अटकी-लटकी-भटकी योजनाओं के बारे में बातें किया करते थे। पीएम ने कहा था कि तब देश देख रहा था कि योजनाओं का पैसा जरूरतमंद तक पहुंचने के पहले ही लुट जाता है। लेकिन आज चर्चा जन-धन खातों से मिलने वाले फायदों की हो रही है।

बता दें कि बीजेपी और कांग्रेस के अलावा इस बार हिमाचल में आम आदमी पार्टी भी चुनावी ताल ठोंकेगी। पार्टी ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन को प्रभारी भी नियुक्त किया है।