Bihar CM Oath Ceremony News in Hindi: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत हुई। एक बार फिर से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। बुधवार को एनडीए विधायक दल की बैठक हुई और नीतीश कुमार को नेता चुना गया। नीतीश कुमार के अलावा सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

कहां होगा शपथग्रहण कार्यक्रम?

बिहार की राजधानी पटना के प्रसिद्ध गांधी मैदान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम रखा गया है। यहां पर नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

कितने बजे होगा कार्यक्रम?

गुरुवार को सुबह 11:30 बजे से शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12:30 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे और 12:45 पर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

बिहार में कौन बनेगा प्रोटेम स्पीकर? जानें इस पद पर बैठने वाले विधायक की क्या होती है भूमिका

कौन कौन होगा शामिल?

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, सांसद उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। बिहार के विपक्षी दलों को भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम का न्योता भेजा गया है। लालू यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी को भी न्योता भेजा गया है।

कितने लोग हो सकते शामिल?

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में 1500 वीआईपी मेहमानों के अलावा 35 हजार से अधिक एनडीए के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। 40 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था गांधी मैदान में की जा रही है।

कितने मंत्री लेंगे शपथ?

नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के अलावा 18 अन्य मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। सबके नाम गुरुवार सुबह तक आने की संभावना है।।नीतीश मंत्रिमंडल में जेडीयू-बीजेपी के 8-8, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के एक-एक और चिराग पासवान की पार्टी लोजपा के दो मंत्री हो सकते हैं।