West Bengal: पश्चिम बंगाल के कालियागंज में एक किशोरी के साथ कथित तौर पर रेप के बाद हत्या का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शहर में ‘राजभवन चलो अभियान’ के दौरान कथित रूप से बैरिकेड्स तोड़ दिए। जिसके बाद पुलिस ने 40 भाजयुमो कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कलियागंज में एक नाबालिग के साथ कथित बलात्कार के बाद हत्या और एक व्यक्ति की कथित रूप से हत्या के विरोध में रैली का आह्वान किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों घटनाओं के दोषियों को राज्य सरकार से तत्काल सजा देने की मांग की।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया आरोप

रैली मध्य कोलकाता में राज्य भाजपा मुख्यालय से निकाली गई। हालांकि, पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए डोरिना क्रॉसिंग पर बैरिकेड्स लगा दिए थे, क्योंकि राजभवन और उसके आसपास सीआरपीसी की धारा 144 लागू है। जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़े, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर धरना दिया। पुलिस ने किसी तरह धरना-प्रदर्शन कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया। इस दौरान पुलिस ने 40 से अधिक भाजयुमो कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

पुलिस की इस कार्रवाई पर भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रनील खान ने कहा, ‘हम कलियागंज में पुलिस की इस पूरे मामले की निंदा करते हैं। टीएमसी ने उन्हें पार्टी कैडर में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस निर्दोषों के साथ खड़े होने के बजाय वे दोषियों को बचा रही है।’

20 अप्रैल को नहर में मिला था नाबालिग का शव

20 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के कालियागंज में एक 17 साल की नाबालिग आदिवासी लड़की की कथित तौर पर रेप की बाद हत्या कर दी गई थी। उसका शव नहर में मिला था। जिसके बाद पुलिस ने बयान में कहा था कि उसके शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट नहीं है। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाबालिग के साथ बलात्कार हुआ है और उसकी हत्या कर दी गई है। नाबालिग की मौत को एक हफ्ते से अधिक का वक्त हो गया है, लड़की का शव बरामद होने के बाद से स्थानीय लोगों की पुलिस से कई बार झड़प हुई है, जिस कारण धारा 144 लागू की गई है।