उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद योगी आदित्यनाथ ने विधायकों को सलाह देते हुए कहा कि सभी को टीम के तौर पर काम करना होगा। व्यवस्था के नहीं सेवक बनकर काम करेंगे। मालिक बनने की भूल नहीं करेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे सांसद थे और उन्हें शासन संभालने का अनुभव नहीं था। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें सुशासन सिखाया।

इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सुशासन की कोई बात नहीं करता था। उस वक्त तो कोई सोचता भी नहीं था, आज ये सब संभव हो पाया है। हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के आम जन तक गरीब कल्याण की योजनाएं पहुंचाई हैं।

योगी ने कहा कि सपा-बसपा की सरकार में गरीबों के विकास के लिए कोई योजना नहीं थी। 2017 से हम प्रदेश को कुशासन से सुशासन की तरफ ले गए। अब हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। सुशासन को और कैसे सुदृढ़ करना है। इस पर हम सभी को कार्य करना है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ” उत्तर प्रदेश अगर विकास की नई ऊंचाईयों को प्राप्त करता है तो यह देश के विकास के लिए भी सहायक होगा। उत्तर प्रदेश देश का छठी सबसे बड़ी आबादी वाला प्रदेश है। हमने उत्तर प्रदेश के बजट को 2 लाख करोड़ से 6 लाख करोड़ पर लाने का काम किया।”

योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा, “राज्य के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि लगातार दूसरी बार एक ही पार्टी का कोई मुख्यमंत्री बना हो। यह पीएम मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में हुआ है। मेरे पास 2017 से पहले कोई प्रशासनिक अनुभव नहीं था और न ही शासन के किसी दायित्व का निर्वाहन किया था। पार्टी ने 2017 में मुझपर विश्वास किया।”

पहली बार लोगों को एहसास हुआ कि यूपी दंगा मुक्त हो सकता है- योगी आदित्यनाथ ने कहा, “पिछले 5 वर्षों में पीएम मोदी के समर्थन से उत्तर प्रदेश में कई विकास परियोजनाएं सफलतापूर्वक की गईं। पहली बार लोगों ने महसूस किया कि गरीबों के लिए घर बनाया जा सकता है। पहली बार लोगों को एहसास हुआ कि यूपी दंगा मुक्त हो सकता है। उत्तर प्रदेश के लोगों का यह दृढ़ विशअवास था कि “मोदी है तो मुमकिन है।” हमें राज्य की बेहतरी के लिए फिर से एक साथ काम करना होगा। उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है, आने वाले वर्षों में मुझे बहुत काम करना है।”

पीएम मोदी ने सुशासन सिखाया– योगी ने यह भी कहा, ” 2014 में गृह मंत्री अमित शाह ने एक संगठन की मजबूत नींव रखी थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रुप में उनके व्यापक दौरे किए जिसकी वजह के उत्तर प्रदेश में भाजपा मजबूत होकर आई है। 2017 में मुझ पर पार्टी ने भरोसा किया। तब मैं एक सांसद था। शासन की किसी प्रक्रिया में कोई भागीदार नहीं था। पीएम मोदी ने सुशासन सिखाया। “

सपा सरकार में माफिया और गुंडे पुलिस के मालिक बन बैठे थे : शाह- अमित शाह ने यह भी कहा, “सपा सरकार में माफिया और गुंडे पुलिस के मालिक बन बैठे थे। गरीब की एफआईआर लिखवाने की हिम्मत नहीं होती थी। 2017 के बाद जब सत्ता में बदलाव हुआ, तो आप देख सकते हैं गुंडे और माफियाओं की क्या हालत है।हम सभी को मोदी जी जैसा दूरदर्शी नेतृत्व मिला है, परिश्रमी नेतृत्व मिला है। गरीबों के प्रति समर्पित रहने वाला नेतृत्व मिला है। मोदी जी के मार्गदर्शन में योगी जी ने गरीब कल्याण के हर कार्य को पूरा कर जमीन तक पहुंचाया है।”

सपा सरकार में की सरकार में राजनीति का अपराधीकरण था – वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में राजनीति का अपराधीकरण था। उत्तर प्रदेश की जनता इससे मुक्ति चाहती थी। 2017 का समय आया और यहां की जनता को उससे मुक्ति मिली। सपा सरकार में उद्योगपतियों का सम्मेलन दिल्ली में होता था। क्योंकि कोई भी उद्योगपति लखनऊ आने के लिए तैयार नहीं होता था।

सरकार बनाने का दावा पेश किया- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की और भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।