कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा चल रही और राहुल गांधी इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं दक्षिण में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रही प्रतिक्रिया से उत्साहित उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खबरी ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा है कि राहुल का मतलब भारत और भारत का मतलब राहुल है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उद्देश्य देश और संविधान को बचाना है।
बृजलाल खबरी ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ एक साक्षात्कार के दौरान यह टिप्पणी की। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष देवकांत बरुआ के प्रसिद्ध ‘इंडिया इज इंदिरा और इंदिरा इज इंडिया’ के नारे को यह टिप्पणी याद दिलाती है। इस नारे को कांग्रेस के विरोधी अक्सर कांग्रेस और गांधी परिवार को निशाने पर लेने के लिए इस्तेमाल करते हैं।
बृजलाल खबरी ने कहा, “आज राहुल जी देश को बचाने के लिए कमर कस चुके हैं और लाखों लोग उनके साथ चल रहे हैं। मैं कह सकता हूं कि ‘राहुल माने भारत, और भारत माने राहुल’।”
इंटरव्यू के दौरान पत्रकार ने बृजलाल खबरी से राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश के सिर्फ एक जिले से भारत जोड़ो यात्रा के गुजरने को लेकर सवाल किया। इस पर बृजलाल खबरी ने कहा, “भारत एक जिला यह एक राज्य नहीं है। यह राज्यों का एक संघ है। भारत जोड़ो यात्रा 13 राज्यों को कवर कर रही है और राहुल गांधी ने एक बड़ा लक्ष्य रखा है।” बृजलाल खबरी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी देश को बेच रही और संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
बृजलाल खबरी ने कहा कि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य बना रही है। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में रायबरेली में बीजेपी की जमानत जब्त हो जाएगी। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी रायबरेली से चुनाव जीत गईं थीं। तो वहीं राहुल गांधी अमेठी से चुनाव हार गए थे। स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को अमेठी से हराया था।
वहीं जब बृजलाल खबरी के बयान पर पत्रकार ने पूछा कि क्या सोनिया गांधी और राहुल गांधी उत्तर प्रदेश से आने वाला लोकसभा चुनाव लड़ेंगे? इस सवाल पर बृजलाल खबरी ने कहा कि यह समय की बात है। वह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वे उन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे जहां से लड़ना चाहते हैं।