उत्तर प्रदेश में योगी कैबिनेट के सदस्य और राज्य के पशुधन राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद बुधवार की रात एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। यह हादसा तब हुआ जब वे चंदौली में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने कार से वापस लखनऊ लौट रहे थे। इस दौरान हाईवे पर एक सांड उनकी गाड़ी से टकरा गया। अचानक हुए इस हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और मंत्री जी घायल हो गए। उनके हाथ में चोट लग गई। इस घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय एसपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने दूसरी कार उपलब्ध करवाई। इसके बाद मंत्री जयप्रकाश निषाद लखनऊ की ओर रवाना हुए।

अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, पशुधन मंत्री जय प्रकाश निषाद बुधवार की रात अपनी कार से चंदौली से लखनऊ के लिए रवाना हुए। उनका काफिला प्रतापगढ़ इलाके के जेठवारा थाना क्षेत्र के बढ़नी के पास पहुंचा था, इसी दौरान कार के आगे एक सांड अा गया और कार से टकरा गया। इस घटना से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गनीमत ये रही कि कार में मौजूद एयरबैग की वजह से जय प्रकाश निषाद को ज्यादा चोट नहीं लगी। लेकिन उनका वाहन इस स्थिति में नहीं था कि उसे आगे ले जाया सके। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसपी ने उन्हें दूसरी कार उपलब्ध करवायी।

बता दें कि जयप्रकाश निषाद उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रूद्रपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह को यहां से शिकस्त दी थी। योगी सरकार में उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया। इससे पहले भाजपा की कल्याण सिंह की सरकार में भी उन्हें मंत्री बनाया गया था, लेकिन उनके द्वारा पदभार संभालने से पहले ही राज्य में राष्ट्रपति शासन लग गया था। वे बचपन से ही राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े हुए हैं। वे 1990 में राम जन्मभूमि आंदोलन के समय गिरफ्तार भी किए गए थे। इसके बाद 1991 में पहली बार विधायक बने थे।