कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने भाजपा, बसपा और सपा पर देश को एकजुटता के सूत्र में पिरोने वाले महात्मा गांधी की विरासत के टुकड़े-टुकड़े करके सरकारें बनाने का आरोप लगाते हुए रविवार (21 अगस्त) कहा कि उनकी पार्टी राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रपिता के एकता के सिद्धान्त के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जनता के सामने रखकर वोट मांगेगी। आजाद ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पिछले 27 साल के दौरान उत्तर प्रदेश में बसपा, सपा और भाजपा को कई बार सरकार बनाने का मौका मिला। बदले में जनता को गुंडाराज, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और निराशा ही मिली, लेकिन इन पार्टियों ने जो सबसे बड़ा गुनाह किया, वह था समाज का बंटवारा। उन्होंने कहा कि भाजपा, बसपा और सपा में किसी ने धर्म के नाम पर तो किसी ने जाति के नाम पर सूबे को बांटकर सरकारें बनायीं। महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश को एकजुट रखने के लिए बलिदान किया, लेकिन इन तीनों पार्टियों ने उनकी विरासत के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

आजाद ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा मिलजुकर देश के हित के लिए काम किया। वह प्रदेश में आज (रविवार, 21 अगस्त) शुरू हो रही ‘27 साल यूपी बेहाल’ यात्रा के जरिये लोगों को जोड़कर सरकार बनाएगी। यात्रा में कांग्रेस आम जनता को यह संदेश देगी कि वह समाज को तोड़कर नहीं बल्कि जोड़कर एक सफल सरकार बनाना चाहती है। आजाद ने कहा ‘हम 27 साल बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने का प्रयास कर रहे हैं। हम केवल संख्या बढ़ाने के लिये नहीं, बल्कि सरकार बनाने के लिये लड़ रहे हैं।’दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के पक्ष में दलील देते हुए उन्होंने कहा कि शीला ने अपने 15 साल के मुख्यमंत्रित्वकाल में दिल्ली को एक ‘मॉडल स्टेट’ बनाया। हम दिल्ली की तरह चमकता हुआ उत्तर प्रदेश बनाना चाहते है, इसीलिए शीला को आगे लाया गया है।

उन्होंने बताया कि संसद का महत्वपूर्ण सत्र होने की वजह से प्रदेश में कांग्रेस के उतने कार्यक्रम नहीं हो सके, जितने होने चाहिए थे। अब अगले साल के शुरू में सम्भावित राज्य विधानसभा चुनाव तक पार्टी के कार्यक्रम जारी रहेंगे। आजाद ने बताया कि ‘27 साल यूपी बेहाल’ यात्रा के पहले चरण में 10 जिलों का भ्रमण किया गया था। इस बार इस यात्रा को दो समूहों में बांटा गया है, जो आगामी अक्तूबर तक प्रदेश के बाकी 65 जिलों में जाएंगे। एक समूह का नेतृत्व शीला दीक्षित जबकि दूसरे की अगुवाई पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर करेंगे। संवाददाता सम्मेलन में शीला दीक्षित, राज बब्बर, पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष निर्मल खत्री, प्रचार समिति के अध्यक्ष संजय सिंह तथा कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।